शाहजहांपुर: धान खरीद पहली अक्टूबर से, 52 केंद्र बनाए गए
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में धान खरीद पहली अक्टूबर से शुरू हो रही है। 52 केंद्र बनाए गए हैं। नई धान नीति में कई बदलाव कर बिचौलियों पर अंकुश लगाने की तैयारी कर ली गई है। इसको लेकर जिले में सरकारी धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में धान खरीद पहली अक्टूबर से शुरू हो रही है। 52 केंद्र बनाए गए हैं। नई धान नीति में कई बदलाव कर बिचौलियों पर अंकुश लगाने की तैयारी कर ली गई है। इसको लेकर जिले में सरकारी धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा है कि इस बार धान की पंजीकरण व्यवस्था में काफी परिवर्तन किया गया है ताकि किसान अपनी उपज को बिना किसी मध्यस्थ के सम्बन्धि क्रम केन्द्रों पर बिक्री कर सकें। इस बार किसानों को अपनी तहसील में अपनी भूमि का पंजीकरण कराते हुए टोकन जनरेट करने के लिए आवेदन करना होगा।
इस बार आवेदन करते समय किसानों को अपनी कुल भूमि व गन्ने के क्षेत्र का उल्लेख करना होगा। क्योकि नयी व्यवस्था के अनुसार गन्ने के क्षेत्रफल को कम करते हुए ही धान के क्षेत्रफल के आधार पर ही उपज निर्धारित करते हुए उसका टोकन सत्यापित किया जाएगा। तब टोकन जनरेट की कार्यवाही संभव हो पाएगी।
इस नयी प्रणाली में एक परिवर्तन यह भी किया गया है कि प्रत्येक किसान को अपना टोकन जनरेट कराने के लिए तहसील में जाने की आवश्यकता नहीं है। पंजीकरण कराने के उपरान्त टोकन जनरेशन के लिए उनके मोबाईल पर ही ओटीपी आएगा। वह मोबाइल वही होगा जो आधार बनाते समय कृषक के द्वारा उसमें उल्लेख किया गया है।
कहा है कि अगर किसी किसान के द्वारा आधार पंजीकरण के समय बताए गये फोन नम्बर में और वर्तमान नम्बर में इस्तमाल कर रहें फोन नम्बर में कोई परिवर्तन है तो इस कठिनाई को दूर करने के लिए अभी समय है। किसान अपने आधार में अंकित मोबाईल नम्बर को परिवर्तित करा सकते है। इसके लिए जिले के नोडल अधिकारी मयंक गुप्ता से संपर्क कर सकते हैं। इस बार धान खरीद पर कागज के टोकन की कोई आवश्यकता नहीं है। किसान के मोबाइल पर आने वाला मैसेज ही टोकन के रूप में पर्याप्त होगा।
जिले की रोजा मंडी सहित पांच मंडियों में आरएफसी, पीसीयू, एफसीआई और मंडी सहित कई अन्य एजेंसियों के 52 क्रय केंद्र बनाए जाएंगे, जिसमें अभी रोजा मंडी में 12, पुवायां में 16, बंडा में 13, तिलहर में 8 और जलालाबाद में 3 क्रय केंद्र खोलने की स्वीकृति दी गई है। इस तरह जिले की पांच मंडियों में धान खरीद के लिए 52 क्रय केंद्र खोलने की स्वीकृति मिल गई है।
अपर जिला अधिकारी ने अभी केवल मंडियों में खोले जाने वाले केंद्रों की स्वीकृति प्रदान की है। अन्य जगहों पर भी केंद्रों को खोलने की कवायद चल रही है। शासन ने इस बार धान कॉमन का समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए का 1960 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
