मुरादाबाद: मां की बेइज्जती का बदला लेने के लिए की थी जाहिद की सरेराह हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार देर शाम कटघर कोतवाली क्षेत्र में हुई जाहिद की हत्या बेइज्जती का बदला लेने के लिए की गई थी। जाहिद व उसके परिजनों ने उबैद की मां और चाचा के साथ मारपीट करके बेइज्जत किया था। मां के अपमान का बदला लेने के लिए ही उबैद ने जाहिद को बेरहमी से …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार देर शाम कटघर कोतवाली क्षेत्र में हुई जाहिद की हत्या बेइज्जती का बदला लेने के लिए की गई थी। जाहिद व उसके परिजनों ने उबैद की मां और चाचा के साथ मारपीट करके बेइज्जत किया था। मां के अपमान का बदला लेने के लिए ही उबैद ने जाहिद को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। जाहिद के शरीर पर चाकू के 25 घाव मिले हैं। चाकू से उसका दिल, लीवर और फेफड़े फट गए थे।

शुक्रवार देर शाम पीतल नगरी निवासी उबैद ने अपने पड़ोस में ही रहने वाले 26 वर्षीय जाहिद की सरेआम बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। दरअसल जाहिद का छोटा भाई शाहबुद्दीन और उबैद की बहन अनम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार को अनम ने अपने परिजनों की इच्छा के खिलाफ शाहबुद्दीन से निकाह कर लिया था। इसके बाद दोनों सहारनपुर चले गए थे। अनम का भाई उबैद और अनस इससे खुश नहीं थे।

इसी बात को लेकर निकाह के अगले ही दिन यानी सोमवार को दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसमें जाहिद पक्ष ने अनम की मां बेबी और चाचा सऊद के साथ मारपीट करते हुए बेइज्जत किया था। उबैद ने तभी अपनी मां के अपमान का बदला लेने की ठान ली थी। वह अंटी में चाकू लगाकर मौके की तलाश में लग गया था। शुक्रवार देर शाम वह गुलाबबाड़ी में फाटक के पास खड़ा था। तभी उसे जाहिद दिखाई दे गया। उसने पहले जाहिद के साथ मारपीट की और फिर अंटी से चाकू निकाल कर उस पर पिल पड़ा।

जाहिद ने जान बचाने के लिए दौड़ भी लगाई मगर उबैद ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। सड़क किनारे गिराकर उबैद उस पर इस तरह चाकू से वार करता रहा। लोग तमाशाई बनकर हत्या का मंजर देखते रहे मगर उबैद का रौद्र रूप देख किसी की बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई। काफी देर बाद एक युवक ने हिम्मत करके उबैद को डंडा मारा। तब उसने जाहिद को छोड़ा। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जाहिद को देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद जाहिद का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके साथ ही हत्यारोपी उबैद को भी जेल भेज दिया।

संबंधित समाचार