मुरादाबाद: देवर ने चाकू से गोदकर की भाभी की हत्या, सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मकबरा में शनिवार की शाम देवर ने चाकू से गोदकर भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या का कारण स्पष्ट करने का …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मकबरा में शनिवार की शाम देवर ने चाकू से गोदकर भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या का कारण स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है।

हत्या की सनसनीखेज घटना कटघर थानाक्षेत्र के मोहल्ला मकबरा फेस वन की है। यहां रहने वाले परवेज शीशा कारोबारी हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार की शाम परवेज की पत्नी 36 वर्षीया तराना अपने तीनों बच्चों के साथ घर में बैठी थी। वह मगरिब की नमाज की तैयारी कर रही थी। इस दौरान उसका देवर इमरान चाकू लेकर कमरे में घुस आया और उसने अचानक तराना पर हमला कर दिया।

चाकू से अंधाधुंध प्रहारों से महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। महिला की चीख सुनकर आसपास रहने वाले लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। मौके पर जुटी भीड़ ने हमलावर इमरान को खून सने चाकू के साथ दबोच लिया। इसके बाद घायल तराना को जिला अस्पताल भेजा गया। मगर रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने महिला को देखते ही मृत घोषित कर दिया।

हत्या की सूचना मिलते ही कटघर पुलिस मौके पर पहुच गई। भीड़ ने हमलावर इमरान को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के कारणों के बारे में पुलिस आरोपी इमरान से पूछताछ कर रही है। इस दौरान परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि इमरान मानसिक रूप से कमजोर है। उसने भाभी की हत्या क्यों की यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

संबंधित समाचार