बरेली: घरों में दोबारा लार्वा मिलने पर लगेगा जुर्माना
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू, मलेरिया व वायरल बुखार का प्रकोप शुरू होने के बाद करीब एक माह से मलेरिया विभाग जिलेभर में लार्वा नष्ट करने का अभियान चला रहा है। अफसरों के मुताबिक अब तक करीब 4900 घरों की जांच अभियान के तहत हो चुकी है। करीब 286 घरों में लार्वा नष्ट किया …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू, मलेरिया व वायरल बुखार का प्रकोप शुरू होने के बाद करीब एक माह से मलेरिया विभाग जिलेभर में लार्वा नष्ट करने का अभियान चला रहा है। अफसरों के मुताबिक अब तक करीब 4900 घरों की जांच अभियान के तहत हो चुकी है। करीब 286 घरों में लार्वा नष्ट किया गया है। अफसरों का कहना है कि करीब 15 दिन बाद दोबारा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान इन 286 घरों में दोबारा लार्वा मिलने पर जुर्माना वसूला जाएगा। इसको लेकर खाका तैयार कर लिया गया है। बता दें कि वर्तमान में जिले में 17 डेंगू के मरीज हैं।
मलेरिया विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत चिन्हित इलाकों के निवासियों की डीबीसी सूची तैयार करनी होती है। सूची में नाम, पता समेत अन्य जरूरी जानकारी दर्ज की जाती हैं। दोबारा जांच में घर में लार्वा मिलने पर मलेरिया विभाग नगर निगम को सूची उपलब्ध कराएगा। जिसके बाद निगम जुर्माना वसूलेगा। बता दें कि विभाग की 62 डोमेस्टिक ब्रीडर्स चेकर्स की टीम घर-घर जाकर लार्वा की जांच कर उसे नष्ट रही हैं।
ये इलाके हैं संवेदनशील
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2019 में मलेरिया व डेंगू का प्रकोप सबसे अधिक था। विभाग की ओर से डेंगू के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में सीबीगंज, सुभाष नगर, धौराटांडा, बहेड़ी, मीरगंज, विशारतगंज, शाही हैं। मलेरिया के लिहाज से भमोरा, मझगवां और मीरगंज ब्लॉक संवेदनशील हैं जिसमें डोमेस्टिक ब्रीडर्स चेकर्स के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगाया गया है। इस वर्ष संवेदनशील इलाकों में पहले ही डोमेस्टिक ब्रीडर्स चेकर्स की टीम को घर-घर लार्वा खोजने के लिए लगा दिया गया था।
300 मीटर के दायरे के घरों में फॉगिंग कराएगा विभाग
डेंगू के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसकी रोकथाम के लिए आसपास के इलाकों में जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्र में डेंगू के मरीज मिलने पर 300 मीटर के दायरे में आने वाले सभी घरों में लार्वानाशक व फॉगिंग कराई जाएगी। जबकि, ग्रामीण इलाकों में डेंगू के मरीज निकले पर 50 घरों के भीतर पाइरेथ्रम का छिड़काव कराया जाएगा जिससे आसपास के लोगों को मच्छरों से निजात मिल सके।
11 ब्लॉक में तैनात की गई 20 टीमें
मलेरिया विभाग की ओर से 18 अर्बन पीएचसी के आधार पर टीमों को तैनात किया गया है। ब्लॉक रामनगर में एक, मझगवां में एक, आंवला में एक, मीरगंज में तीन, भोजीपुरा में दो, फतेहगंज पश्चिमी में दो, फरीदपुर में दो, बहेड़ी में दो, शेरगढ़ में दो, दमखोदा में दो, नबावगंज में दो टीमों को तैनात किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार छह अक्टूबर तक घर-घर लार्वा खोजने का पहला चरण समाप्त किया जाएगा। इसके बाद कार्ययोजना के आधार पर अभियान के दूसरी चरण की शुरुआत की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्र के मुकाबले शहरी क्षेत्र में डेंगू के मरीज अधिक
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2021 में ग्रामीण क्षेत्र के मुकाबले शहरी क्षेत्र में डेंगू के अधिक मरीज मिले है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्र में अब तक 9 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि ग्रामीण इलाकों में 8 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। ग्रामीण इलाकों में मझगवां में एक, बिथरी में चार, बहेड़ी में एक, भोजीपुरा में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जबकि शहरी क्षेत्र में सीबीगंज में चार, मढ़ीनाथ में एक, प्रेमनगर में एक, सिविल लाइन में एक, आंवला में एक, बहेड़ी की फरीदपुर नगर पंचायत में एक लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
आईडीएसपी की ओर से नहीं की गई स्क्रीनिंग
वर्ष 2018-2019 में जिले में मलेरिया के आउटब्रेक के दौरान भी आईडीएसपी यूनिट ही फेल हो गई थी। आईडीएसपी प्रभारी को सीएमओ की ओर से निर्देशित किया गया है कि संक्रामक रोगी के घर जाकर ऑनलाइन आक्षांश व देशांतर की डिटेल अपलोड करना है। इसके साथ ही मरीज की अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जैसे मरीज को कितने दिनों से बुखार आ रहा है, बीते दिनों में कहां-कहां गया था, संपर्क में आए लोग, आदि की जानकारी जुटाई जाती है। आईडीएसपी की रिपोर्ट के आधार पर ही नगर निगम और मलेरिया विभाग कार्रवाई करता है। ऐसे में आईडीएसपी की ओर से स्क्रीनिंग न होने से मलेरिया विभाग व नगर निगम को रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे फॉगिंग व छिड़काव की समस्या आ रही है।
फैक्ट फाइल
- 1003 लोगों की हुई एनएस-1 कार्ड से जांच
- 84 लोगों का एलाइजा टेस्ट के लिए भेजा गया सैंपल
- 17 लोगों की डेंगू की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव
- 8 गांवों में अब तक निकले है डेंगू के मरीज
- 9 लोग शहरी क्षेत्र में निकले डेंगू पॉजिटिव
जिले में डेंगू, मलेरिया की दृष्टि से लगातार डोमेस्टिक चेकर्स ब्रीडर्स समेत अन्य टीमे तैनात कर अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 17 लोगों में एलाइजा की ओर से पुष्टि हो चुकी है। मरीजों के इलाकों में लगातार फॉगिंग, लार्वानाशक आदि का छिड़काव भी कराया जा रहा है। आमजन से अपील है कि मच्छरों से अपना बचाव करे। संदिग्ध लक्षणों मिलते ही नजदीक स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर से परामर्श लें। -डा. देशराज सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी
