मुरादाबाद : दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, दिया तलाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में तीन लाख रुपए और कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। देवर व नंदोई ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इसकी शिकायत जब महिला ने अपने पति से की तो तलाक देने के साथ ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में तीन लाख रुपए और कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। देवर व नंदोई ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इसकी शिकायत जब महिला ने अपने पति से की तो तलाक देने के साथ ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। समझौता कराने पहुंचे मायके वालों के साथ ही अभद्रता की। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने मझोला थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर निवासी एक महिला ने सोमवार को एसएसपी को पत्र दिया। महिला का कहना था कि उसका निकाह करीब 17 साल पहले मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम चौधरपुर मलकद्दा निवासी फिदा हुसैन के साथ हुआ था। महिला के अनुसार निकाह के वक्त मायके वालों ने पर्याप्त दहेज दिया था लेकिन ससुराली खुश नहीं थे। आए दिन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला के अनुसार बीच-बीच में वह ससुरालियों की मांगे पूरी करती रही लेकिन उनका उत्पीड़न कम नहीं हुआ।

इस बीच उसने दो बेटियों को जन्म भी दिया लेकिन ससुराली नहीं माने। महिला का कहना है कि वर्ष 2008 में उसके पति की नौकरी कार्यालय विकास खंड अधिकारी के यहां पर लग गई। आरोप है कि इसके बाद ससुराली तीन लाख रुपए और कार की मांग करने लगे। आरोप है कि इंकार करने पर देवर व नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के अनुसार उसने जब इसकी शिकायत पति से की तो वह उल्टा झगड़ा करने लगा और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। मायके आने पर उसने पूरी जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार जब मायके वाले समझौता करने पहुंचे तो ससुरालियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। एसएसपी ने मझोला पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।​

संबंधित समाचार