बाराबंकी: नेत्रहीन दिव्यांग के घर में लगी आग, गृहस्थी के साथ जला बेटी की शादी के लिए रखा सामान
बाराबंकी। एक नेत्रहीन दिव्यांग के घर में आग लगने से उसकी बेटी की शादी के लिए रखे सामान के साथ घर गृहस्थी की सारी सामग्री जलकर भस्म हो गई। गांव वालों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया। मामला कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम चौरी अलादासपुर से जुड़ा है। गांव के नेत्रहीन विकलांग …
बाराबंकी। एक नेत्रहीन दिव्यांग के घर में आग लगने से उसकी बेटी की शादी के लिए रखे सामान के साथ घर गृहस्थी की सारी सामग्री जलकर भस्म हो गई। गांव वालों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया।
मामला कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम चौरी अलादासपुर से जुड़ा है। गांव के नेत्रहीन विकलांग बैकुण्ठनाथ मिश्र की छोटी बेटी की शादी आगामी नवम्बर माह में तय है जिसके लिए सामान एकत्र किया जा रहा है। सोमवार को पीड़ित नेत्रहीन घर के बाहर बैठा हुआ था और उसकी पत्नी और बेटी जरूरी काम से बाहर गई थी। अचानक घर में जिस कमरे के अंदर सामान रखा था उसमें आग लग गई और पलक झपकते ही आग पूरे कमरे में फैल गई।
जब तक नेत्रहीन को आग लगने की जानकारी हुई और उसने गुहार लगाई तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। शोरगुल सुनकर गांव वाले दौड़कर आए और कड़ी मशक्कत करके बेकाबू आग को बुझाया गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और भाव विह्वल पीड़ित को ढांढस बधाते हुए इसकी जानकारी हल्का लेखपाल को दी। तहसीलदार दयाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि क्षति का आंकलन करने के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है उसकी रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।
