मेरठ: जूनियर इंजीनियरों ने किया मुख्य अभियंता दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन
मेरठ। जिले में मंगलवार को जूनियर इंजीनियरों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य अभियंता मेरठ जोन दफ्तर पर प्रदर्शन किया गया। इसी के तहत दो दिवसीय धरना शुरू किया गया है। इधर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में पश्चिमांचल प्रबंधन के खिलाफ लामबंद बिजली अभियंताओं का आंदोलन …
मेरठ। जिले में मंगलवार को जूनियर इंजीनियरों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य अभियंता मेरठ जोन दफ्तर पर प्रदर्शन किया गया। इसी के तहत दो दिवसीय धरना शुरू किया गया है।
इधर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में पश्चिमांचल प्रबंधन के खिलाफ लामबंद बिजली अभियंताओं का आंदोलन लगातार सातवें दिन भी जारी रहा।
बता दें कि राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले जूनियर इंजीनियरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य अभियंता दफ्तर पर धरना दिया। संगठन के जनपद अध्यक्ष मुकेश यादव और जनपद सचिव आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में जिलेभर के जूनियर इंजीनियर एकजुट होकर मुख्य अभियंता मेरठ जोन के दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि यदि पावर कारपोरेशन प्रबंधन और सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करेगी, तो प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन का अगला कदम उठाया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने मांग की है कि अवर अभियंताओं और प्रोन्नत अभियंताओं की मांगें पूरी नहीं होने पर ध्यानाकर्षण आंदोलन की तरफ कदम बढ़ाया जाएगा। साथ ही द्विपक्षीय वार्ताओं में बनी सहमतियों का कारपोरेशन ने क्रियान्वयन नहीं किया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं होगी तो बुधवार को भी क्रमिक अनशन मुख्य अभियंता मेरठ जोन कार्यालय पर जारी रहेगा। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष आरए कुशवाहा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनेश आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में पश्चिमांचल प्रबंधन के खिलाफ लामबंद बिजली अभियंताओ का आंदोलन आज लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। प्रबंधन के तानाशाही एवं हठधर्मी रवैये से त्रस्त अभियन्ता संघ और अन्य संगठनों ने आंदोलन और तेज एवं उग्र करने की चेतावनी दी।
