यूपी: महंत नरेंद्र गिरि मामले में कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग
लखनऊ। कांग्रेस ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध हालत में हुई मौत मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की है। प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी व …
लखनऊ। कांग्रेस ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध हालत में हुई मौत मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की है। प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने यह मांग की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि महंत नरेंद्र गिरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत संत समाज के लिये ही नहीं देश के लिये भी दुखद है। इस घटना के तथ्यों को छुपाने का अपराध किसी कीमत में स्वीकार्य नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट आये पुलिस ने इसे आत्महत्या क्यों, कैसे और किसके दबाव में करार दिया। उंन्होंने कहा कि कांग्रेस की चिंता है कि किसी और साधु सन्यासी की हत्या न हो। योगी राज में धर्माचार्य भी सुरक्षित नहीं रह गये हैं। उंन्होने कहा कि वायरल हो रहे एक वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए। महंत से घटना के एक दिन पूर्व मिलने वाले उप मुख्यमंत्री से क्या बात हुई यह भी जांच का विषय होना चाहिए। अगर उन्होंने आत्महत्या की तो फिर ऐसी क्या विवशता थी।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि मठ की हजारों करोड़ की सम्पत्ति पर कौन लोग गिद्ध दृष्टि लगाए थे बैठे थे, यह पता लगना चाहिए। एक अधिकारी और दो नेताओं के नाम भी घटना में आ रहे हैं। उंन्होंने कहा कि महंत की संदिग्ध मौत के पूर्व योगी शासन में 20 साधु संतों या मंदिरों के पुजारियों की हत्या भी हुई है, सभ्य समाज आक्रोशित है, इसलिये इस घटना की निष्पक्षता से सीबीआई जांच होनी चाहिए।
