बरेली: बीडीए हवाई अड्डे तक बनाएगा छह लेन चौड़ी सड़क
बरेली, अमृत विचार। हवाई अड्डे तक जाने के लिए छह लेन सड़क बनेगी। बीडीए ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द टेंडर कर निर्माण शुरू होगा। इससे लोगों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा। साथ ही समय से एयरपोर्ट भी पहुंच सकेंगे। बीडीए ने डेलापीर तिराहे से बैरियर दो पुलिस चौकी तक सड़क को छह …
बरेली, अमृत विचार। हवाई अड्डे तक जाने के लिए छह लेन सड़क बनेगी। बीडीए ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द टेंडर कर निर्माण शुरू होगा। इससे लोगों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा। साथ ही समय से एयरपोर्ट भी पहुंच सकेंगे। बीडीए ने डेलापीर तिराहे से बैरियर दो पुलिस चौकी तक सड़क को छह लेन करने की योजना बनाई है। करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क को आदर्श मार्ग बनाया जाएगा। बीच में दो मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा। इसके दोनों ओर 10.20 मीटर चौड़ी मैटेलिक सड़क बनाई जाएगी।
डिवाइडर में आकर्षक पौधे और लाइटें लगाई जाएंगी। किनारे पर बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। डेलापीर सब्जी मंडी के सामने अतिक्रमण हटाकर वहां पूरी सड़क को कोलतार से पक्का किया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 33 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जबकि दूसरा छह लेन मार्ग शाहजहांपुर रोड को बनाने की योजना है।
लखनऊ की ओर से आने वाले लोगों को रजऊ परसपुर में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के पास शहर का इंट्री प्वाइंट नजर आए, इसके लिए बीडीए वहां गेट का निर्माण कराएगा। फिर वहां से नकटिया तक छह लेन सड़क बनाई जाएगी। यहां एक मीटर का डिवाइडर बनेगी, जिसके दोनों ओर 9.20 मीटर की मेटेलिक सड़कें डाली जाएंगी। करीब छह किलोमीटर लंबे इस मार्ग के डिवाइडर पर भी पौधे और आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी। इसके निर्माण में करीब 35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि बरेली में प्रवेश द्वार पर छह लेन का मार्ग बनाया जाएगा। वहीं, डेलापीर वाले रोड को आदर्श मार्ग बनाने की योजना है। इससे हवाई अड्डा की ओर का अवागमन आसान होगा। दोनों सड़कों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
