बरेली: परास्नातक में अक्टूबर तक होंगे प्रवेश
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परास्नातक में होने वाले प्रवेश के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परास्नातक में प्रवेश 30 अक्टूबर तक होंगे जिसमें 15 अक्टूबर तक 100 रुपये का निर्धारित पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। 23 अक्टूबर तक 400 रुपये और फिर 600 रुपये का विलंब शुल्क लिया जाएगा। स्नातक में …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परास्नातक में होने वाले प्रवेश के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परास्नातक में प्रवेश 30 अक्टूबर तक होंगे जिसमें 15 अक्टूबर तक 100 रुपये का निर्धारित पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। 23 अक्टूबर तक 400 रुपये और फिर 600 रुपये का विलंब शुल्क लिया जाएगा। स्नातक में प्रवेश की तरह ही महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर को मेरिट के आधार पर पहले छात्रों का प्रवेश करना होगा। उसके बाद प्रवेशित छात्रों का डाटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण शुल्क के साथ उपलब्ध कराना होगा।
कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने निर्देश जारी किए हैं कि सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य और विश्वविद्यालय परिसर के सभी विभागाध्यक्ष व संकायाध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि स्तातक पाठ्यक्रम बीएलएड और परास्नातक पाठ्यक्रम एमए, एमएससी, एमकॉम, एमफार्मा और बीपीएड में ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से प्रवेश होंगे।
एक से अधिक कॉलेज में पंजीकरण शुल्क जमा करने पर वापस नहीं होगा। छात्र एक महाविद्यालय के एक ही पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेगा। छात्रों के प्रमाण-पत्र भलीभांति देखने की जिम्मेदारी महाविद्यालयों की होगी। प्रवेश में किसी तरह की गड़बड़ी के लिए महाविद्यालय जिम्मेदार होंगे। सभी महाविद्यालयों को प्रवेश संबंधी निर्देश भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
बरेली कॉलेज में आज से आवेदन
परास्नातक प्रथम वर्ष के विभिन्न विषयों में प्रवेश के लिए बरेली कॉलेज ने पोर्टल खोल दिया है। प्रवेश के लिए छात्र 22 सितंबर से पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह ने बताया कि आवेदन करने के लिए पोर्टल 30 सितंबर 2021 को रात 12 बजे तक खुला रहेगा। आवेदन पत्र के साथ सभी वांछित शैक्षिक प्रमाण पत्र, भारांक के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र एवं आरक्षित श्रेणी होने पर कैटेगरी का लाभ लेने के लिए जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना आवश्यक होगा। कोई भी प्रमाण पत्र ऑफलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बरेली कॉलेज में सीटों की संख्या
- एमकॉम-240
- एमए-1325
- एमएससी-347
