बरेली: स्टार्टअप को बढ़ावा देने को आरआईएफ ने बैंक से किया एमओयू
बरेली, अमृत विचार। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के रुहेलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन (आरआईएफ) और एचडीएफसी बैंक के मध्य मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। एमओयू के दौरान 22 स्टार्टअप भी पेश किए गए। जल्द ही बैंक के द्वारा इन्हें शुरू करने के लिए समझौते के तहत धनराशि भी …
बरेली, अमृत विचार। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के रुहेलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन (आरआईएफ) और एचडीएफसी बैंक के मध्य मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। एमओयू के दौरान 22 स्टार्टअप भी पेश किए गए। जल्द ही बैंक के द्वारा इन्हें शुरू करने के लिए समझौते के तहत धनराशि भी उपलब्ध करायी जाएगी। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि एक बैंक से समझौता होने के बाद कई अन्य बैंकों ने भी संपर्क किया है। जल्द ही इनके साथ भी एमओयू किया जाएगा।
रुहेलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. केपी सिंह और एचडीएफसी बैंक की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष तपस दास ने एमओयू पर हस्ताक्षर कर समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को नौकरी खोजने की बजाय नौकरी देने वाला बनना चाहिए। रुहेलखंड क्षेत्र स्टार्टअप की दृष्टि से एक उत्कृष्ट क्षेत्र है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की रचनात्मकता का विकास करना चाहिए।
नवाचार विभिन्न औद्योगिक उद्यों के माध्यम से मूर्त रूप लेते हैं। उद्यमियों, उपक्रमों के संचालकों, व्यवसायियों एवं नवीन विचारधारकों को मार्गदर्शन, बीज फड एवं इस प्रतियोगी बाजार में स्वयं को स्थापित करने में रुहेलखण्ड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन मदद करेगा। उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से टेक्निकल गाइड दी जाएगी। इसके अलावा इनवेस्टर मीट, कॉपरेटिव मीट व अन्य का आयोजन किया जाएगा। आरआईएफ की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफ़ेसर तूलिका सक्सेना ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इसके विभिन्न आयामों व संभावनाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम में संजय चतुर्वेदी उपाध्यक्ष एचडीएफसी बैंक, चरणजीत सिंह वाइस प्रेसिडेंट एचडीएफसी बैंक, विश्वविद्यालय के आरआईएफ के निदेशक प्रो एस के पांडे, प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. तूलिका सक्सेना, विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी के के संखवार, विश्व विद्यालय के शिक्षक , इनक्यूबेटी स्टार्टअप के संस्थापक और छात्र उपस्थित रहे।
इनके स्टार्टअप रखे गए
निहाल सिंह का आर्गेनिक प्रोडक्ट, अभय शिव का हेल्थ सॉल्यूशन, अक्षय कुमार का पशुधन स्टोर, क्राफ्ट, विश्वविद्यालय परिसर के बीटेक छात्र जम्मू कश्मीर की एडफर का, बीटेक के शक्ति शेखर का ग्राफीन, अनुज गुप्ता का साफ्टवेयर, अरविंद भारद्वाज का लेजर कट आर्ट्स, अवधेश दुबे का हाईटेक कल्टीवेटिंग, कुशल किशोर यादव का वेस्ट टू वेल्थ का स्टार्टअप रखा गया। इसके अलावा अदिति सिंह, श्वेता सोनी, के भी स्टार्टअप पेश किए गए। इसमें शक्ति शेखर ने तो 10 लाख रुपये की धनराशि स्वंय ही जुटा ली है। एडफर जम्मू कश्मीर में ही स्टार्टअप शुरू करना चाहती है।
