बरेली: मन्हा के इलाज के लिए मां ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
बरेली, अमृत विचार। जिंदगी की जंग लड़ रही मासूम मन्हा की जान बचाने के लिए 16 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की जरूरत है। बेटी को बचाने के लिए बच्ची की मां सबा अल्पसंख्यक विकास वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष माहिरा नकवी से मिलीं। माहिरा के साथ सबा ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …
बरेली, अमृत विचार। जिंदगी की जंग लड़ रही मासूम मन्हा की जान बचाने के लिए 16 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की जरूरत है। बेटी को बचाने के लिए बच्ची की मां सबा अल्पसंख्यक विकास वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष माहिरा नकवी से मिलीं। माहिरा के साथ सबा ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अल्पसंख्यक मंत्री मोहसिन रजा से मदद मांगी। मुख्यमंत्री और अल्पसंख्यक मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बच्ची के इलाज कराने की अपील की है। पीएमओ कार्यालय से सबा को मदद का आश्वासन दिया गया है।
किला थाना क्षेत्र के जखीरे की रहने वाली सबा परवीन की 6 माह की बेटी मन्हा इस्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी नाम की घातक बीमारी से जूझ रही है। मन्हा में इस दुर्लभ बीमारी का दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में जांच के बाद पता चला था। इस बीमारी में हाथ, पैर चलना बंद हो जाते हैं और शरीर बिल्कुल कमजोर हो जाता है। इसके इलाज के लिए सिर्फ अमेरिका में ही इंजेक्शन मिलता है लेकिन इंजेक्शन की कीमत 16 करोड़ रुपये है।
समय पर इंजेक्शन न मिलने पर बच्ची के हाथ पैर धीरे-धीरे काम करना बंद कर देंगे। मासूम मन्हा के पिता लेडीज सूट की सिलाई का काम करते हैं। उनके लिए 16 करोड़ रुपये जुटा पाना असंभव है। बच्ची की जान बचाने के लिए उसकी मां सबा सांसद, मंत्री व अधिकारियों से मदद की गुहार लगा रही है।
