बरेली: 20 लाख की बिजली चोरी की जांच ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज की मिनी राइस मिल में पकड़ी गई करीब 20 लाख रुपये की बिजली चोरी की जांच ठप हो गई है। करीब छह दिन बीतने के बाद भी अधिकारी बिजली चोरी का सही आंकलन नहीं कर पाए हैं। शुक्रवार को मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सैंजना में जहीर अहमद पुत्र शेर मोहम्मद …

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज की मिनी राइस मिल में पकड़ी गई करीब 20 लाख रुपये की बिजली चोरी की जांच ठप हो गई है। करीब छह दिन बीतने के बाद भी अधिकारी बिजली चोरी का सही आंकलन नहीं कर पाए हैं।

शुक्रवार को मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सैंजना में जहीर अहमद पुत्र शेर मोहम्मद की मिनी राइस मिल में सहायक अभियंता मीटर महेंद्र कुमार ने शक के आधार पर अपनी टीम के साथ छापा मारा था। टीम ने गेट पर लगे मीटर और बिजली उपकरणों की जांच की थी। शुरुआती जांच में पता चला था कि राइस मिल में बिजली की खपत काफी कम है। उसके बाद मीटर सिस्टम के साथ कुछ उपकरणों को भी खुलवाकर जांच कराई। मीटर में अलग से लगाई गई डिवाइस और रिमोट जैसे उपकरण पकड़ में आए थे।

अफसर काफी समय तक यह जानने के लिए माथापच्ची करते रहे कि सरकारी मीटरिंग सिस्टम में अलग से डिवाइस आखिर कैसे लगा दी गई। शुरुआती जांच में करीब बीस लाख रुपये से अधिक की बिजली चोरी की बात सामने आई थी। उसके बाद पूरे मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए गए थे लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी अधिकारी यह पता नहीं लगा सके कि राइस मिल में कितने लाख की बिजली चोरी हुई है।

जांच को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अधीक्षण अभियंता देहात अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि पुलिस की विवेचना में अगर स्थानीय कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार