बरेली: महिला जेई से अभद्रता में फंसे एई
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के निर्माण विभाग में इंजीनियरों के बीच फिर से खींचतान मच गई है। इस बार सहायक अभियंता (एई) व महिला अवर अभियंता (जेई) के बीच रार सामने आई है। महिला जेई ने एई पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। प्रकरण तूल पकड़ने के बाद मामले में …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के निर्माण विभाग में इंजीनियरों के बीच फिर से खींचतान मच गई है। इस बार सहायक अभियंता (एई) व महिला अवर अभियंता (जेई) के बीच रार सामने आई है। महिला जेई ने एई पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। प्रकरण तूल पकड़ने के बाद मामले में अपर नगर आयुक्त श्यामलता आनंद को जांच अधिकारी बनाने के साथ ही मुख्य अभियंता से भी इससे संबंधित रिपोर्ट मांगी है।
अभी कुछ समय पहले ही नगर निगम के दो इंजीनियरों के बीच कहासुनी हुई थी। अब मामला एक महिला इंजीनियर से जुड़ा होने पर तूल पकड़ गया है। महिला इंजीनियर ने अपने सीनियर साथी इंजीनियर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अनुचित व्यवहार किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों इंजीनियरों को अपर नगर आयुक्त ने बुलाया।
वहां भी दोनों इंजीनियरों के बीच कहासुनी हो गई। एई का कहना था कि जेई ने ठेकेदार को भुगतान करने के लिए कहा जो उनका अधिकार नहीं है। हमने जेई के साथ ऐसी कोई गलत भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उनके आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। अपर नगर आयुक्त श्यामलता आनंद इस प्रकरण की जांच कर रही हैं। उन्होंने मुख्य अभियंता से भी दोनों इंजीनियरों की कार्यशैली पर आख्या मांगी है। सूत्रों ने बताया कि बाकी इंजीनियरों ने भी अपनी-अपनी आख्या रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त को सौंप दी है।
उक्त प्रकरण की जांच कराई जा रही है। अपर नगर आयुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त
