बरेली: विवि में एबीवीपी का हंगामा, धक्का-मुक्की के बाद जड़ा ताला
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में रिजल्ट, फीस वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जमकर हंगामा किया। कुलपति ऑफिस में नारेबाजी पर कुलपति ने सभी को बाहर जाने के लिए कहा तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में रिजल्ट, फीस वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जमकर हंगामा किया। कुलपति ऑफिस में नारेबाजी पर कुलपति ने सभी को बाहर जाने के लिए कहा तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया। गुस्साए छात्रों ने प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और बाहर जमकर नारेबाजी की। काफी देर बाद कुलसचिव राजीव कुमार और परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने ज्ञापन लिया।
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले परीक्षा नियंत्रक को पांच सूत्रीय ज्ञापन दिया। जिसमें बीएससी के रिजल्ट में हुई गड़बड़ी, एलएलबी और एलएलएम के प्रवेश की तिथि आगे बढ़ाने, कॉलेज प्रशासन द्वारा लेट फीस के नाम पर की जा रही अवैध वसूली को बंद करने और विश्वविद्यालय से छात्रावास के रास्ते में लाइट की व्यवस्था करने की मांग की। परीक्षा नियंत्रक से संतुष्ट उत्तर प्राप्त न होने पर सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कुलपति से मिलने दफ्तर में गए, जहां दफ्तर के बाहर नारेबाजी की।
कुलपति ने कार्यकर्ताओं को मिलने अंदर बुलाया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुलपति इससे नाराज हो गए। उसके बाद गनर और सुरक्षाकर्मी सभी को बाहर निकालने लगे। आरोप है कि सिपाही ने एक कार्यकर्ता के सिर पर बट मार दी। वहीं दूसरी तरफ आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन पर ताला लगा दिया। कई घंटे पर उनका ज्ञापन लिया गया।
प्रदर्शन करने वालों में विभाग संगठन मंत्री अमित भरद्वाज, प्रदेश सह मंत्री गौरव यादव, विभाग संयोजक अनिल, महानगर मंत्री हर्ष अग्रवाल, श्रेयांश बाजपेई, शिवम सक्सेना, आदित्य सक्सेना, प्रशांत, अमन, शिमोन, अर्पित, सक्षम, दिव्यांशी रस्तोगी, शिवांश, रामबाबू, विजय, अनिकेत, रवि, निखिल व अन्य मौजूद रहे।
छात्र ऑफिस में नारेबाजी करने लगे। इस दौरान ऑनलाइन बैठक चल रही थी। इस वजह से सभी को बाहर जाने के लिए कहा। मारपीट के आरोप गलत हैं। यदि किसी छात्र को रिजल्ट से दिक्कत है तो आरटीआई व चैलेंज मूल्यांकन से कापी देख लें। कमी होगी तो रिजल्ट में सुधार किया जाएगा। -प्रो. केपी सिंह, कुलपति रुविवि
