पीलीभीत: सात साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, मां को देखकर भागा दरिंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, बरखेड़ा, अमृत विचार। घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची से गांव के किशोर ने दुष्कर्म की कोशिश की। उसे फुसलाकर एक सूनसान गली में ले गया और कपड़े उतारकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस बीच बच्ची को तलाशते हुए उसकी मां मौके पर पहुंच गई। बच्ची को छोड़कर आरोपी धमकी …

पीलीभीत, बरखेड़ा, अमृत विचार। घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची से गांव के किशोर ने दुष्कर्म की कोशिश की। उसे फुसलाकर एक सूनसान गली में ले गया और कपड़े उतारकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस बीच बच्ची को तलाशते हुए उसकी मां मौके पर पहुंच गई। बच्ची को छोड़कर आरोपी धमकी देता भाग गया। बरखेड़ा पुलिस ने घटना की तहरीर मिलने के बाद नामजद एफआईआर दर्ज की। बच्ची का मेडिकल कराकर बयान कराए जाएंगे।

थाना बरखेड़ा क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। सोमवार काे वह घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। सात साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे पड़ोस का रहने वाला पंद्रह वर्षीय किशोर बच्ची के पास पहुंचा। उसे बहला फुसलाकर नजदीक की एक सूनसान गली में ले गया। वहां पर बच्ची के कपड़े उतारने के बाद अश्लील हरकत करने लगा। रेप करने की कोशिश की गई।

उधर, बच्ची जब घर के बाहर नहीं मिली तो परिवार वाले परेशान हो गए। मां आसपास के कुछ लोगों के साथ बेटी को तलाशने निकली। अंधेरी गली में पहुंची तो बच्ची को किशोर दबोचे हुए था। मां के शोर मचाने पर वह बच्ची को छोड़कर भाग गया। शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली।

पीड़िता ने बच्ची से पूरी बात जानी और फिर थाने पहुंचकर शिकायत की। मामला बच्ची से जुड़ा होने पर पुलिस सक्रिय हो गई। दबिश देकर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया। फिर मां से मिली तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई।

कक्षा एक की छात्रा है पीड़ित बच्ची
पीड़ित बच्ची के पिता की मौत हो चुकी है। उसके एक बड़ा भाई है। बच्ची गांव के ही सरकारी विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। उधर, आरोपी के पिता प्राइवेट चालक हैं। आरोपी किशोर भी पढ़ाई करता है। इसी साल वह कक्षा पांच उत्तीर्ण की है।

‘एक बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। बच्ची की मां से मिली तहरीर पर 354 क, 354 ख और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 व 8 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे कार्रवाई की जाएगी।’
-खीम सिंह जलाल, इंस्पेक्टर बरखेड़ा

मासूमों से दरिंदगी के पहले भी सामने आ चुके हैं कई मामले
जनपद में मासूमों से दरिंदगी से जुड़ा ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इसी साल शहर की रहने वाली कक्षा तीन की छात्रा से उसके ही ट्यूशन टीचर ने दुष्कर्म किया था। परिवार को जब पता चला तो उसने पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था। सुनगढ़ी और माधोटांडा थाना क्षेत्र में बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने की घटना भी हो चुकी है।

तीन साल पहले कोतवाली क्षेत्र के नौ साल के मासूम को घुमाने के बहाने एक परिचित ले गया था। फिर सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास झाड़ियों में ले जाकर दरिंदगी की थी। विरोध करने पर सिर में वार करके लहूलुहान कर दिया था। कांशीराम कॉलोनी की एक बच्ची से भी कॉलोनी के युवक ने दरिंदगी की थी। पिछले साल गजरौला में भी पांच साल की बच्ची से एक बुजुर्ग ने दुष्कर्म किया था। यह सभी मामले शर्मसार करने वाले थे।

यह भी पढ़े-

जम्मू-कश्मीर: उरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकवादी ढेर

संबंधित समाचार