बरेली: पूर्व प्रधान के घर लाखों की चोरी, रिवाल्वर व कारतूस भी ले गए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/ बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। दो दिन पहले हुई चोरी का मामला अभी तक शांत नहीं हुआ था कि पूर्व प्रधान के घर में लाखों की चोरी की वारदात ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। सोमवार की देर रात पूर्व प्रधान के घर में घुसे चोरों ने घर के सदस्यों को कमरे में …

बरेली/ बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। दो दिन पहले हुई चोरी का मामला अभी तक शांत नहीं हुआ था कि पूर्व प्रधान के घर में लाखों की चोरी की वारदात ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। सोमवार की देर रात पूर्व प्रधान के घर में घुसे चोरों ने घर के सदस्यों को कमरे में बंद कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह पड़ोसी द्वारा गेट खोलने पर घर में चोरी की घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम को मौके से कुछ बरामद नहीं हो सका। वहीं पूर्व प्रधान के परिजनों के मुताबिक चोरों ने लाखों की नगदी व जेवरात समेत घर में रखी रिवॉल्वर व कारतूसों पर भी हाथ साफ कर दिया।

बिथरी चैनपुर क्षेत्र के बालीपुर गांव में सोमवार की देर रात गांव के पूर्व प्रधान खुन्नी सिंह के घर में चोर घुस गए। पूर्व प्रधान के बेटे अमित ने बताया कि उनके बड़े भाई संतोष अपनी पत्नी को लेकर ससुराल गए थे। घर में केवल पूर्व प्रधान खुन्नी सिंह, उनकी पत्नी व छोटा बेटा अमित, उसकी पत्नी व बच्चे घर पर थे। बताया कि सोमवार की रात एक कमरे में पूर्व प्रधान व उनकी पत्नी सो रहे थे और दूसरे कमरे में अमित व उसकी पत्नी और बच्चे थे। वहीं घर के बाकी दो कमरों में सामान रखा रहता है उनमें ताला पड़ा हुआ था।

घर के मेन गेट पर चैनल लगा हुआ है, देर रात घर में घुसने के लिए चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में घुसकर परिजनों के कमरे बाहर से बंद कर दिए और फिर पूरे घर को खंगाल डाला। अमित ने बताया कि घर के दो कमरों के ताले तोड़कर चोर लाइसेंसी रिवाल्वर, 25 कारतूस, दो लाख रुपये, दो सोने की च‍ेन, झुमकी व पायल समेत लाखों की नगदी पर हाथ साफ कर गए।

मंगलवार को परिवार वालों की सूचना पर एसएसआई अली हसन पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ पूर्व प्रधान के घर पहुंचे। हालांकि फॉरेंसिक टीम को जांच के दौरान कुछ भी पता नहीं लगा और न ही चोरों का कोई सुराग हाथ लगा। वहीं दो दिन पहले भी इसी तरह चोरो ने वालीपुर से सटे गांव उगनपुर मे भी एक शिक्षक के घर को निशाना बनाकर 10 लाख रुपए के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया था। जिसकी जांच में भी पुलिस व फॉरेंसिक को कुछ भी हाथ नहीं लगा था।

सुबह पड़ोसी ने खोला दरवाजा, तब चोरी का लगा पता
पूर्व प्रधान की पत्नी शोभा ने बताया कि मंगलवार की सुबह जब वह सोकर उठीं तो दरवाजा बाहर से बंद था। बच्चे की शरारत समझकर काफी देर तक आवाज देती रहीं। इसके बाद उन्होंने बेटे अमित और बहु को आवाज दी लेकिन वह लोग भी कमरे में बंद थे। इसी दौरान उनके घर के सामने से निकल रहे पड़ोस में रहने वाले उन्हीं के परिवार के सदस्य उनकी आवाज सुनकर घर में आए और कमरों की दरवाजा बाहर खोला। परिवार के सदस्य जब कमरों से बाहर निकले तो घर में चोरी का पता चला। जिसके बाद इलाके में हंगामा मच गया।

मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, छानबीन की जा रही है, जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। – अली हसन, एसएसआई, बिथरी चैनपुर थाना

संबंधित समाचार