रायबरेली: प्राथमिक स्कूल में बच्चों को थमाई गई झाड़ू, वीडियो वायरल
रायबरेली। सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए सरकार योजनाओं के साथ शिक्षकों को अपडेट करने में लगी है। लेकिन इसके बाद भी शिक्षक कोई न कोई गुल खिला देते हैं। ऐसा ही मामला महराजगंज स्थित प्राथमिक स्कूल पूरे गोसाईं मजरे कुशमहुरा में सामने आया है, जहां बच्चों के हाथ में कॉपी-पेंसिल की जगह झाड़ू …
रायबरेली। सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए सरकार योजनाओं के साथ शिक्षकों को अपडेट करने में लगी है। लेकिन इसके बाद भी शिक्षक कोई न कोई गुल खिला देते हैं। ऐसा ही मामला महराजगंज स्थित प्राथमिक स्कूल पूरे गोसाईं मजरे कुशमहुरा में सामने आया है, जहां बच्चों के हाथ में कॉपी-पेंसिल की जगह झाड़ू पकड़ा कर स्कूल की सफाई कराई जाती है। इसका वीडियो वायरल हुआ और प्रधानाध्यापक कार्रवाई की जगह बेतुका बयान देते मिले हैं।
प्राथमिक विद्यालय पूरे गोसाईं मजरे कुशमहरा का वायरल वीडियो जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रहा है। इस स्कूल में बच्चों से सफाई कराई जा रही है। यह काम कई दिनों से हो रहा है। बच्चे पढ़ने की जगह सफाईकर्मी बने हुए हैं। मामले में प्रधानाध्यापक अजय धीमान का कहना है कि जब सफाईकर्मी नहीं आ रहे हैं तो क्या कर सकते हैं। बच्चे ही तो सफाई करेंगे। वहीं बीएसए का कहना है कि जांच कराई जाएगी।
उच्चाधिकारियों ने भी नहीं दिया ध्यान
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष विनोद अवस्थी का कहना है कि इस स्कूल के बारे में कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोरोनाकाल में बच्चों से सफाई कराना बहुत गंभीर है। बताया कि सफाईकर्मियों का हाल यह है कि वह 15 से 20 दिन में एक बार आते हैं और स्कूल की चारदीवारी के बाहर सफाई कर चले जाते हैं। मामले में बीईओ सुरेश कुमार को दो बार फोन किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी।
