हल्द्वानी: जल संस्थान-मेडिकल कॉलेज की नूराकुश्ती में बर्बाद हो गई सड़क
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में आए दिन पेयजल संकट से लोगों की शिकायतों का तांता लग गया है, लेकिन अधिकारी इस पर तर्क देने से थक नहीं रहे हैं। जगदंबा नगर में जल संस्थान की ओर से बिछाई गई पेयजल लाइन में पिछले पांच साल से लीकेज है। इस कारण सड़क धीरे-धीरे गड्ढों में तब्दील …
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में आए दिन पेयजल संकट से लोगों की शिकायतों का तांता लग गया है, लेकिन अधिकारी इस पर तर्क देने से थक नहीं रहे हैं। जगदंबा नगर में जल संस्थान की ओर से बिछाई गई पेयजल लाइन में पिछले पांच साल से लीकेज है।
इस कारण सड़क धीरे-धीरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। जब इस संबंध में विभाग से पूछा गया तो अधिकारी ने यह कहकर बात टाल दी कि इसका जिम्मा स्वास्थ्य विभाग का है। जल संस्थान की ओर से पहले ही दो बार स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दे चुके हैं।
पिछले पांच साल से जगदंबा नगर में लीकेज की समस्या बनी हुई है। इस कारण सड़क हमेशा पानी से भरी रहती है। इसके कारण सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जब इस संबंध में अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना से पूछा गया तो उन्होंने चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग पर बात डालते हुए कहा कि यह लीकेज उनकी जिम्मेदारी है। वह पहले ही दो बार चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के अधीन मेडिकल कॉलेज को इस संबंध में सूचित कर चुके हैं लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई।
लीकेज की वजह से गड्ढों में पानी भरा रहता है, जिसके कारण लोगों को आवाजाही में दिक्क्तों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है। वहीं अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि वह इस मामले को संज्ञान में लेकर अपनी टीम को क्षेत्र का निरीक्षण करने भेजेंगे। साथ ही पता करेंगे कि इस मामला किस विभाग के अंदर आता है। अगर यह स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी हुई तो उन्हें एक बार फिर से पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।
एक दूसरे की जिम्मेदारी बताकर समस्या को कर रहे दरकिनार
हल्द्वानी। जगदंबा नगर में लीकेज से टूटी सड़क लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लेकिन विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताते हुए इस समस्या का निदान नहीं कर रहे हैं, जबकि इस लीकेज से सड़क का हाल बद से बदत्तर हो गया है। इसके बावजूद जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभी भी स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी बताकर समस्या का संज्ञान लेने की बात कहकर आश्वासन पर आश्वासन दिए जा रहे हैं।
मेरे संज्ञान में अभी मामला नहीं है – प्राचार्य
हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि कुछ समय पहले काठगोदाम से पेयजल लाइन एसटीएच के लिए आती थी। लेकिन अब यह पेजयल लाइन कार्यशील नहीं है। जहां तक जल संस्थान की पेयजल लाइन को दुरस्त कराने की बात है तो इसकी जानकारी मुझे नहीं है। फिर भी में मामले की जांच करवाऊंगा।
रात में तीन घंटे बिजली गुल से लोग परेशान
बिती रात अचानक रात 11 बजे से दो बजे तक बिजली गुल हो गई। गर्मी में बिजली जाने से लोगों को घंटे परेशान होना पड़ा। सुबह विभाग में फोन करने पर पता चला कि पिडकुल में ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम किया जा रहा था, जिसके चलते बिजली गुल कर दी गई। लोगों ने कहा कि बिना किसी सूचना के अचानक बिजली गुल करने से बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। ग्रामीण अधिशासी अभियंता डीडी पांगती को फोन पर शिकायत करने पर एक घंटे बाद बिजली की आपूर्ति सुचारू की गई।
