रामपुर: चार गाय और छह भैंसों समेत 10 पशुओं की गलत वैक्सीन लगने से मौत
रामपुर, अमृत विचार। मिलकखानम क्षेत्र के डिलारी और गज्जूपुरा में गलत वैक्सीन लगाने से 10 पशुओं की मौत हो गई। इनमें चार गाय और छह भैंसें हैं। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। जिला पंचायत सदस्य एवं जल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुस्तफा हुसैन ने बेजुवान पशुओं की मौत पर चिंता …
रामपुर, अमृत विचार। मिलकखानम क्षेत्र के डिलारी और गज्जूपुरा में गलत वैक्सीन लगाने से 10 पशुओं की मौत हो गई। इनमें चार गाय और छह भैंसें हैं। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। जिला पंचायत सदस्य एवं जल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुस्तफा हुसैन ने बेजुवान पशुओं की मौत पर चिंता व्यक्त की है और पशु चिकित्सा विभाग की लापरवाही बताते हुए उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करवाये जाने की मांग की है।
जनपद में पशु चिकित्सा विभाग की लापरवाही के चलते 30 सितम्बर 2021 को मिलकखानम थाना क्षेत्र के गांव डिलारी व गज्जुपुरा गांव में पशुओं को गलघोंटू जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए किसानों ने वैक्सीन लगवाई थी। यह वैक्सीन राजकीय पशु चिकित्सालय मिलकखानम के रिटायर्ड सफाई कर्मी द्वारा लगाई गई जो अस्पताल में ही अनाधिकृत तौर पर कार्य करता है।
दोनों गांवों में 16 पशुओं को वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद रात में किसी समय पशुओं की हालत बिगड़ने लगी। डिलारी में गुलजार सिंह की चार गायों की एक के बाद एक मौत हो गई। चिकित्सक को बुलाया तब तक दस पशुओं की मौत हो गई और आधा दर्जन पशु जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पशुओं की मौत से किसानों में चिकित्सक के खिलाफ आक्रोश है।
जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन ने जिलाधिकारी व मंडलायुक्त को भेजे पत्र में अवगत कराते हुए कहा है कि गोवंशीय व महेशवंशीय पशुओं में बरसात के सीजन में गलघोटू नामक जानलेवा बीमारी पैर पसार जाती है। जिसके चलते पशुपालकों को बरसात के सीजन में भारी नुकसान उठाना पड़ता है। बरसात के सीजन में पशुओें को गलघोटू बीमारी से बचाव के लिए शासन के आदेश पर निशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गई है, लेकिन रामपुर जनपद में शासनादेशों की अनदेखी कर पशु चिकित्सा विभाग लापरवाही बरत रहा है जो बहुत ही चिंता का विषय है।
