बरेली: स्मैक तस्कर छोटे प्रधान की बैट्री फैक्ट्री जमींदोज
बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। स्मैक तस्करी से बनाई गई प्रधान और उसके साथी की फैक्ट्री को पुलिस और प्रशासन की टीमों ने शुक्रवार को जमींदोज कर दिया। नोटिस चस्पा होने के चौथे दिन टीम ने यह कार्रवाई की। फैक्ट्री ढहाने के लिए नगर पालिका की तीन जेसीबी मौके पर पहुंची और तीन घंटे में अपना काम …
बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। स्मैक तस्करी से बनाई गई प्रधान और उसके साथी की फैक्ट्री को पुलिस और प्रशासन की टीमों ने शुक्रवार को जमींदोज कर दिया। नोटिस चस्पा होने के चौथे दिन टीम ने यह कार्रवाई की। फैक्ट्री ढहाने के लिए नगर पालिका की तीन जेसीबी मौके पर पहुंची और तीन घंटे में अपना काम करके वहां से लौट आई। नगर पालिका ने फैक्ट्री में रखे सामान को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
फतेहगंज पूर्वी के पढ़ेरा गांव के प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे के साथ उसके भतीते राजू को पुलिस ने 20 किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने प्रधान को रिमांड पर लेकर सात दिनों तक पूछताछ की। पूछताछ में प्रधान की संपत्ति और उससे जड़े लोगों के नाम सामने आए। प्रधान के पार्टनर फैयाज का नाम भी सामने आया था। इसके बाद पुलिस और बीडीए की टीम ने प्रधान और उसके पार्टनर के बनाए गए बारातघर और जनता ढ़ाबा को तोड़ दिया।
इसके बाद चार दिन पहले उसकी फैक्ट्री पर नोटिस चस्पा किया गया था। इस फक्ट्री में बैट्री बनती थी। फैक्ट्री को बिना नक्शा पास किए बनाया गया था। शुक्रवार को पालिका और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फैक्ट्री को तोड़ने का काम शुरू कर दिया। तीन घंटे की मेहनत के बाद टीम ने फैक्ट्री को जमींदोज कर दिया। मौके पर फरीदपुर, भुता और फतेहगंज पूर्वी का फोर्स तैनात था। इसके साथ ही सीओ और एसपी देहात भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के हाथ लगी डीवीआर
पुलिस को फैक्ट्री में लगा सीसीटीवी और डीवीआर पहले ही मिल गया था। इससे पुलिस को वहां आने जाने वालों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके साथ की डीवीआर के डेटा से लोगों का मिलान कराया जा रहा है।
पुलिस के साथ मौजूद रही पीएसी
मौके पर किसी तरह का विवाद न हो इसलिए पुलिस के साथ कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा था। कुछ लोगों की भीड़ ने शोर मचाया तो पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। बाकी लोग हाईवे के पास खड़े होकर नाजारा देखते रहे।
अब प्रधान की कोठी की बारी
पुलिस और पालिका जल्द ही प्रधान छोटे की कोठी को भी जमींदोज कर सकती है। इसके लिए भी पालिका ने जांच शुरू कर दी है। कुछ ही दिनों में कोठी पर भी जेसीबी चल सकती है।
फैक्ट्री पर नोटिस चस्पा किया गया था। इसके बाद ही उसे शुक्रवार को तोड़ा गया है। पुलिस के साथ पीएसी को भी मौके पर लगाया गया था। हालांकि वहां पर किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात
