खैर की लकड़ी से भरी पिकअप पकड़ी, तस्कर फिर फरार
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के जंगलों में लकड़ी तस्कर एक बार फिर बेलगाम होने लगे हैं। इसको देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। वन विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर खटीमा के इस्लामनगर गोटिया में अवैध खैर की लकड़ी से भरा पिकअप पकड़ा। घेराबंदी के बीच तस्कर फरार हो गए। …
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के जंगलों में लकड़ी तस्कर एक बार फिर बेलगाम होने लगे हैं। इसको देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। वन विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर खटीमा के इस्लामनगर गोटिया में अवैध खैर की लकड़ी से भरा पिकअप पकड़ा। घेराबंदी के बीच तस्कर फरार हो गए।
बता दें कि क्षेत्र में लकड़ी तस्करी में अनेक संगठित गिरोह सक्रिय हैं। वन विभाग की हल्की ढील होते ही तस्कर बेलमाग हो जाते हैं। बारिश का भी तस्कर फायदा उठा लेते हैं। इधर, इन दिनों तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के वनाधिकारी के निर्देश पर वन जीवों की सुरक्षा व लकड़ी तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। इसमें नेपाल से सटी सीमा और अधिक संवेदनशील है।
डीएफओ संदीप कुमार व एसडीओ शिवराज चंद के निर्देशन में खटीमा रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल ने रात करीब 2.30 बजे मुखबिर की सूचना पर इस्लामनगर गोटिया में छापा मारा। इस बीच टीम की घेराबंदी के बीच तस्कर खैर की लकड़ी से भरा पिकअप छोड़कर फरार हो गए।
रेंजर मनराल ने बताया कि खैर की लकड़़ी से भरे पिकअप वाहन को कब्जे में सीज कर दिया है। जिसे खटीमा पौधशाला में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। मामले में जांच जारी है। उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में लकड़ी तस्करों के खिलाफ अभियान जारी है। अभियान से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
