रामपुर: सैफनी में किसान को गोली मारी, गंभीर
सैफनी (रामपुर), अमृत विचार। थाना क्षेत्र के बैरूआ गांव में चार लोगों ने घेरकर किसान को गोली मारकर घायल कर दिया। जांघ में गोली लगने से किसान लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। जानकारी पाकर लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में …
सैफनी (रामपुर), अमृत विचार। थाना क्षेत्र के बैरूआ गांव में चार लोगों ने घेरकर किसान को गोली मारकर घायल कर दिया। जांघ में गोली लगने से किसान लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। जानकारी पाकर लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। घायल के भाई की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही 4 लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरूकर दी है।
क्षेत्र के बैरूआ गांव निवासी कल्लू पुत्र मंजूर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके बड़े भाई 60 वर्षीय हकीक शनिवार की सुबह करीब 3 बजकर 20 मिनट के समय घर से कुछ दूर जंगल की तरफ बने अपने घेर में इंजन व अन्य कृषि यंत्र देखने के लिए गए थे। इसी दौरान उसके घेर में पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के जावेद पुत्र खुर्शीद मुजस्सिम पुत्र कल्लू व नावेद, उवैद पुत्रगण रईस अहमद ने उसके बड़े भाई हकीक को गालियां देते हुए फायर झोंक दिया। जिससे 60 वर्षीय हकीक के जांघ में गोली लग गई।
वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। पुलिस को घटना की सूचना मिली तो थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार कटियार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल हकीक को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायल के भाई कल्लू की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर तलाश शुरूकर दी है।
गांव में चर्चा चोरों को खदेड़ते हुए लगी हकीक को गोली
गांव में चर्चा है कि इसी रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर एक लाख से अधिक रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया है। चोरों की आहट पर गांव के लोगों में जाग हो गई। काफी संख्या में लोग चोरों को ढूंढने लगे इसी दौरान गांव के हकीक भी किसी काम से अपने घेर की तरफ चले गए। पहले से चोर छुपे हुए थे। इस दौरान चोरों ने खुद को घिरता देख हकीक पर फायर झोंक दिया। जिससे गोली उनकी जांघ में जाकर लग गई। घटना की जानकारी पाकर गांव के लोग भारी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
एक ही रात चोरी और गोली लगने की घटना से दहशत में ग्रामीण
एक ओर शुक्रवार की देर रात गांव निवासी चंद्रवती और मिस्कीन के घर कुछ ही समय के अंतराल से चोरों द्वारा धावा बोलकर एक लाख से अधिक के माल को चोरी फरार हो जाने से गांव के लोग डरे हुए हैं। रात में कुछ ही समय के बाद गांव में अपने घेर पर गए हकीक को गोली मारकर घायल करने की हुई तीसरी घटना से गांव के लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल देखने को मिला है। हालांकि गांव में रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संसार सिंह के पहुंचने के बाद लोगों में हिम्मत भी देखने को मिली।
