पीलीभीत: दुकान बंद कर रहे युवक की करंट लगने से मौत
पूरनपुर, अमृत विचार। कबड्डी टूर्नामेंट प्रतियोगिता के समापन के बाद टेंट उखाड़ रहे दुकानदार की करंट लगने से मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पीएम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच …
पूरनपुर, अमृत विचार। कबड्डी टूर्नामेंट प्रतियोगिता के समापन के बाद टेंट उखाड़ रहे दुकानदार की करंट लगने से मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पीएम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।गमगीन माहौल में दुकानदार का अंतिम संस्कार कर दिया गया।घटना को लेकर परिजन काफी बदहवास हैं।
शनिवार को गांधी जयंती के उपलक्ष में थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर गांव में हर वर्ष की तरह इस बार भी युवा कमेटी द्वारा कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था।थाना क्षेत्र के गांव मढाखुर्द निवासी राजेश कुमार ने अपनी चाट पकौड़ी व खेल खिलौने की दुकानें लगाई थी। टूर्नामेंट के समापन के बाद शनिवार की देर रात वह अपनी दुकान समेट रहा था। तभी टेंट का पाइप वहां से गुजर रही 11000 की लाइन के तार में छू गया।टेंट का पाइप लाइन में छूते ही दुकानदार बुरी तरह झुलस गया।
मामले को लेकर खलबली मच गई। सूचना दुकानदार के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसको इलाज के लिए आनन फानन में अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।घटनाक्रम को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया।मामले की सूचना थाना सेहरामऊ उत्तरी पुलिस को दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।गमगीन माहौल में दुकानदार का अंतिम संस्कार कर दिया गया।एकाएक हुई घटना को लेकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि युवक की बिजली कंरट से मौत हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।अभी तहरीर नहीं आई है अगर तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
