बरेली: हत्या कर किला नदी में फेंका शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किला नदी में एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान चार दिन पहले गायब हुए पौध विक्रेता के रूप में हुई। उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। पोस्टमार्टम में युवक की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। किला छावनी निवासी पंकज (22) ठेले …

बरेली, अमृत विचार। किला नदी में एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान चार दिन पहले गायब हुए पौध विक्रेता के रूप में हुई। उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। पोस्टमार्टम में युवक की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। किला छावनी निवासी पंकज (22) ठेले पर पौधे बेचने का काम करता था। अपने भाई की मौत के बाद पिछले करीब तीन साल से अपनी भाभी मंजू के साथ रह रहा था। मंजू ने बताया कि उसकी शादी नहीं हुई थी लेकिन आपसी समझौते से दोनों एक साथ ही रहते थे।

मंजू के मुताबिक 1 अक्टूबर को पंकज ने शाम करीब 7 बजे पंकज ने फोन पर बताया था कि वह किला पुल पर पहुंच गया है। जल्द ही घर पहुंच जाएगा। मंजू के मुताबिक उसके बाद से ही पंकज लापता हो गया था। न ही उसका फोन मिल रहा था और न ही उसका कुछ पता चल पा रहा था। जिसके बाद से ही सभी परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे। कई घंटों तक भी उसका पता न चलने पर मंजू की तरफ से किला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी।

बताया कि सोमवार की सुबह उसका छोटा बेटा पंकज की तलाश कर रहा था। इसी दौरान किला नदी के किनारे बिछी काई में उसे कुछ फंसा दिखाई दिया। किसी तरह जब उसने डंडे से शव को इधर-उधर किया तो वह हैरान रह गया। शव पंकज का था। जिसके बाद स्थानीय लोगों व परिजनों का तांता लग गया। सूचना पर पहुंची किला पुलिस ने जब शव को निकाला तो मंजू ने पंकज बतौर शव की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम में पंकज की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है।

दो लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मंजू ने इलाके के ही दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि रक्षाबंधन पर पंकज अपने घर के बाहर बैठा था, उसी समय दो अन्य युवक वहां पहुंचे और शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर उनका पंकज से झगड़ा भी हो गया था। आरोप है कि तभी से दोनों युवक पंकज से रंजिश मानने लगे थे। जिसके चलते आरोपियों ने उसकी हत्या करके उसका शव नदी में फेंक दिया।

परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई, तहरीर मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की जाएगी – अरुण कुमार श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर, किला

संबंधित समाचार