मुरादाबाद : जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी मामले में सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने कोर्ट में किया सरेंडर
मुरादाबाद, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार चल रहे सम्भल के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार चल रहे सम्भल के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। वहीं वीसी के जरिए सीतापुर जेल में बंद सपा के कद्दावर नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की कोर्ट में पेशी हुई। सुनवाई के दौरान स्थानीय सांसद डा. एसटी हसन कोर्ट में मौजूद रहे। अब इस मामले में आठ अक्टूबर को सुनवाई होगी।
यह है पूरा मामला
वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में रामपुर लोकसभा सीट से सपा के कद्दावर नेता आजम खां और भाजपा से फिल्म अभिनेत्री व पूर्व सांसद जयाप्रदा चुनाव मैदान में थे। इस चुनाव में आजम खां ने बाजी मारी थी। इसके बाद उनके स्वागत में कटघर थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कालेज में जलसे का आयोजन किया गया था। जिसमें आजम खां के अलावा उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और मुरादाबाद के सांसद डा. एसटी हसन ने प्रमुख रूप से शिरकत की थी। इस जलसे में अपने संबोधन के दौरान आजम खां व अन्य सपाइयों ने फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। बाद में कटघर थाने में आजम खां, अब्दुल्ला आजम, डा. एसटी हसन, सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां, रामपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अजहर खां और आयोजनकर्ता आरिश खां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण की जांच रामपुर क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है।
वीसी के जरिए कोर्ट में पेश हुए आजम व अब्दुल्ला आजम
इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। अभी तक इस मामले में कोर्ट में पेश न होने के कारण रामपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां की संपत्ति कुर्क करने के आदेश हो चुके हैं। जबकि सम्भल के सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां भी फरार चल रहे थे। जबकि उनके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया था। मंगलवार को इस मामले में सुनवाई हुई, वारंट जारी होने के बाद फरार चल रहे पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहीं वीसी के जरिए सीतापुर जेल में बंद आजम खां व अब्दुल्ला आजम की कोर्ट में पेशी हुई। अपर शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर ने बताया कि सुनवाई के दौरान सांसद डा.एसटी हसन कोर्ट में मौजूद थे। अब इस मामले में आठ अक्टूबर को सुनवाई होगी।
