बरेली: जायरीनों पर रिपोर्ट लिखने पर दरगाह ने जताई नाराजगी
बरेली, अमृत विचार। दरगाह आला हजरत पर कुल की रस्म में शामिल होने जा रहे जायरीनों को शहामतगंज में रोकने के दौरान हुए पथराव और बवाल के मामले में एफआईआर होने पर दरगाह आला हजरत की तरफ से नाराजगी भी जताई गई है। दरगाह आला हजरत और ताजुश्शरिया के संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा ने ऐलान किया …
बरेली, अमृत विचार। दरगाह आला हजरत पर कुल की रस्म में शामिल होने जा रहे जायरीनों को शहामतगंज में रोकने के दौरान हुए पथराव और बवाल के मामले में एफआईआर होने पर दरगाह आला हजरत की तरफ से नाराजगी भी जताई गई है। दरगाह आला हजरत और ताजुश्शरिया के संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा ने ऐलान किया है कि जायरीनों पर पुलिस का जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां ने शहामतगंज में हुए बवाल पर अफसोस जताया और पुलिस की ओर से किए गए मुकदमे और एक गिरफ्तारी पर सख्त नाराजगी जताई। कहा कि जैसे ही बवाल की सूचना मिली तो हमने तत्काल जमात रजा के प्रवक्ता समरान खान को भेजा और उन्होंने जमात रजा की टीम के साथ 3 घंटे लोगों को समझाकर घरों और आस-पास की मस्जिदों में भेजा जिससे जायरीन शांत हो गए और कोई बवाल नहीं हुआ। पुलिस का इतना सहयोग करने के बाद भी आला हजरत के बेकसूर मेहमानों पर झूठी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
एक को गिरफ्तार किया गया जो हरगिज बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस जल्द मुकदमे वापस नहीं लेती है तो जिले के आला अधिकारियों से बात की जाएगी। वहीं, मंगलवार को मामले में जमात रजा मुस्तफा का एक प्रतिनिधि मंडल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खान (सलमान मियां) की मौजूदगी में एडीजी से मिला। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने एडीजी से कहा कि बेगुनाह लोगों को पुलिस न सताए। बताया जा रहा है कि इस मामले में एडीजी ने उपाध्यक्ष व सैय्यद आसिफ मियां को आश्वस्त किया है। मिलने वालों में हाफिज इकराम, डा. मेहंदी हसन, शमीम अहमद, मोईन खान आदि मौजूद रहे।
बता दें कि आला हजरत के 103वें उर्से रजवी में हाजिरी देने जा रहे जायरीनों ने रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया था। बारादरी पुलिस ने 7 जायरीनों को नामजद करते हुए से 500 अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है।
