बरेली: अंबेडकर पार्क की दुर्दशा पर फूटा गुस्सा, निगम गेट पर प्रदर्शन
बरेली, अमृत विचार। महापुरुषों के नाम के बने पार्कों की बदहाली लगातार सामने आने के बाद अब लोग धीरे-धीरे जनांदोलन की ओर बढ़ रहे हैं। छोटी विहार में अंबेडकर पार्क में गंदगी और जलभराव की दिक्कत को देखते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के गेट पर पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पार्क …
बरेली, अमृत विचार। महापुरुषों के नाम के बने पार्कों की बदहाली लगातार सामने आने के बाद अब लोग धीरे-धीरे जनांदोलन की ओर बढ़ रहे हैं। छोटी विहार में अंबेडकर पार्क में गंदगी और जलभराव की दिक्कत को देखते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के गेट पर पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पार्क के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण कराए जाने का मामला उठाया। अवकाश की वजह से नगर निगम का कार्यालय बंद था लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर पार्क का उद्धार कराने को लेकर आश्वस्त किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वार्ड नंबर-तीन छोटी विहार में बने अंबेडकर पार्क के पास कच्चा नाला बंद पड़ा है। इससे छोटी विहार के पास इधर-उधर पानी भर रहा है। गंदा पानी अंबेडकर पार्क में भी जमा हो रहा है। इससे वार्ड में मलेरिया-डेंगू जैसी अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन में मांग उठाई कि छोटी विहार पार्क में साफ-सफाई नियमित तौर से कराए जाने के साथ वहां हरियाली के लिए पौधरोपण कराया जाए। छोटी विहार में नाला निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का निस्तारण हो।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर के तमाम अंबेडकर पार्क दुर्दशाग्रस्त हैं, जिनका नगर निगम कायाकल्प नहीं करा रहा है। इन पार्कों के नियमित तौर से सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित कराए जाने के साथ उनके सौंदर्यीकरण के भी काम कराए जाने चाहिए। संगठन के बरेली मंडल अध्यक्ष अजय प्रधान आदि ने यह चेतावनी दी कि नगर निगम प्रशासन अगर इन मांगों को लेकर जल्द कदम नहीं उठाता तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के गेट पर पुलिस फोर्स भी मौजूद रहा।
