हल्द्वानी: स्मैक पीने से मना किया तो ले ली प्रेमिका की जान
हल्द्वानी, अमृत विचार। नौवीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा पेशे से अलमारी मकैनिक दानिश से प्यार करती थी लेकिन दानिश स्मैक के नशे में डूबता जा रहा था। उसकी संगत भी स्मैकिए दोस्त जीशान से थी और वह नहीं चाहती थी दानिश नशे में बर्बाद हो जाए। हत्या से पहले भी नाबालिग ने दानिश को …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नौवीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा पेशे से अलमारी मकैनिक दानिश से प्यार करती थी लेकिन दानिश स्मैक के नशे में डूबता जा रहा था। उसकी संगत भी स्मैकिए दोस्त जीशान से थी और वह नहीं चाहती थी दानिश नशे में बर्बाद हो जाए। हत्या से पहले भी नाबालिग ने दानिश को स्मैक पीने से रोका था, लेकिन वो नहीं माना और यही उसकी मौत की वजह बन गया।

इंद्रानगर निवासी छात्रा चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसके पिता पेशे से ड्राइवर थे। बताया जाता है कि 29 सितंबर को लापता होने से पहले दोपहर 2:01 बजे वह घर आई और यह सीसीटीवी में दिखाई दिया। 2:28 बजे वह दूसरी किराएदार की बच्ची को लेकर घर से निकली। उसने पास से ही उसे फ्रूटी दिलाई, जहां सीसीटीवी में दानिश भी छात्रा के साथ दिखाई दिया। इसके बाद दोनों अलग-अलग चले गए।
यहां से निकलने बाद वह गौजाजाली पहुंची, जहां दोपहर 3: 41 बजे उसकी मुलाकात जीशान से हुई। वह गौजाजाली का ही रहने वाला है और रजा गेट गौजाजाली से दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़ कर रोखड़ की ओर चले गए। इसके बाद वह लापता हो गई। इस मामले में 29 सितंबर की रात ही गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने प्रेमी से पूछताछ की और वह साफ मुकर गया। बल्कि वह पुलिस और परिवार के साथ हर संभावित स्थान पर लापता नाबालिग लड़की की तलाश में जुट गया। इस बीच पुलिस छात्रा के घर के आस-पास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी लेकिन कुछ खास हासिल नहीं हुआ। तभी जीशान का नाम सामने और जब इससे पूछताछ की गई तो वो भी साफ मुकर गया। अब छात्रा के घर से सीसीटीवी फुटेज खंगालती हुई पुलिस शनिबाजार रोड जा पहुंची।
यहां पुलिस ने दो सीसीटीवी चेक किए। दूसरे सीसीटीवी में छात्रा जीशान के साथ रोखड़ की ओर जाती दिखाई दे गई। इसके बाद पुलिस ने जीशान को घर से उठा लिया और सीसीटीवी फुटेज दिखाया। अब जीशान की पोल खुल चुकी थी और उसने पुलिस के सामने जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि वो ही छात्रा को रोखड़ ले गया था, जहां दानिश पहले से ही मौजूद था। यहां दानिश और जीशान ने स्मैक पी। नाबालिग प्रेमिका को यह पसंद नहीं आया और उसने दानिश को स्मैक पीने से रोका। इस पर दोनों में विवाद हो गया। दानिश ने छात्रा पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। इससे वो बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों ने गला घोंट कर उसे मार डाला और करीब 50 मीटर दूर बरसाती नाले में लाश फेंक दी। जाने से पहले लाश को चटाई और गद्दे से ढक दिया। ताकि लाश किसी को नजर न आए।
दानिश और जीशान की निशानदेही पर लापता नाबालिग छात्रा का शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल, रिपोर्ट हत्या में तरमीम कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। -प्रीति प्रियदर्शिनी, एसएसपी
35 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालने के बाद मिले कातिल
पुलिस ने परिवार के साथ छात्रा को तलाशने के लिए रात-दिन एक कर दिया। इतनी जद्दोजहद के बाद पुलिस के हाथ ऐसा कुछ नहीं लगा, जिससे छात्रा का पता लग सके। पुलिस ने छात्रा के घर से लेकर आस-पास के बड़े क्षेत्र तक 35 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाल डाले और अंत में जाकर वह जीशान के साथ दिखाई दी।
प्रेमी पुलिस से बोला, साहब मार डालो … लेकिन मैं कुछ नहीं जानता
पुलिस को लापता छात्रा के प्रेमी दानिश पर शक था, लेकिन पुलिस के हाथ ऐसा एक भी सुराग नहीं था, जिसके बूते वह सख्ती दिखा पाती। चूंकि घर के पास सीसीटीवी में दानिश के दिखने से शक गहरा चुका था, लगातार पांच दिनों तक दानिश से पूछताछ के बाद भी उसने मुंह नहीं खोला और कहा, साहब मार डालो लेकिन मुझे कुछ नहीं पता।
सच्चे हमदर्द बन कर साथ घूमते रहे दानिश और जीशान
दानिश का नाम पुलिस की पड़ताल में छात्रा के गायब होने के दूसरे ही दिन सामने आ गया था और जब दानिश को लगा कि पुलिस को उस पर शक है तो वह हमदर्द कर बनकर घरवालों के साथ घूमने लगा। ऐसे में जीशान भी दानिश के साथ आ गया, ताकि किसी को शक न हो कि उसके लापता होने के पीछे इन दोनों का ही हाथ है।
जीशान लगातार रख रहा था रोखड़ पर नजर
दानिश पुलिस की नजर आ चुका था, लेकिन जिशान पर किसी को शक नहीं था। दानिश जहां परिवार और पुलिस को गुमराह कर रहा था, वहीं जिशान लगातार रोखड़ पर नजर रख रहा था। वो ये देख रहा था कि कहीं लाश कोई जानवर खींच कर नाले से बाहर न ले आए। बताया जाता है कि इस चक्कर वो कई बार घटना स्थल पर गया।
हाथों से घोंटा गला और दुपट्टे से गला कस दिया
छात्रा के शरीर पर अंत:वस्त्र के सिवा कुछ नहीं था। इसके अलावा उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थप्पड़ मारने के बाद बेहोश हुई छात्रा का आरोपियों ने हाथों से गला घोंटा। इसके बाद उसी के दुपट्टे से उसका गला कस कर पूरी तरह जान निकाल ली और फिर लाश को नाले में डाल कर ढक भी दिया।
