मध्यप्रदेश: भाजपा ने चारों उपचुनावों के लिए घोषित किए प्रत्याशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज खंडवा संसदीय उपचुनाव के लिए  ज्ञानेश्वर पाटिल और पृथ्वीपुर, रैगांव तथा जोबट विधानसभा उपचुनाव के लिए क्रमश: डॉ शिशुपाल सिंह यादव,  प्रतिमा बागरी और सुलोचना रावत को प्रत्याशी घोषित किया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नवरात्रि की शुरूआत में पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी की। खंडवा संसदीय उपचुनाव …

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज खंडवा संसदीय उपचुनाव के लिए  ज्ञानेश्वर पाटिल और पृथ्वीपुर, रैगांव तथा जोबट विधानसभा उपचुनाव के लिए क्रमश: डॉ शिशुपाल सिंह यादव,  प्रतिमा बागरी और सुलोचना रावत को प्रत्याशी घोषित किया।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नवरात्रि की शुरूआत में पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी की। खंडवा संसदीय उपचुनाव में ज्ञानेश्वर पाटिल के रूप में नया चेहरा सामने आया है। वहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्ष चौहान और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस की ओर से भी दावेदारी पेश की गयी थी। लेकिन दोनों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण पाटिल के नाम पर सर्वसम्मति बनायी गयी। इसी तरह निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए डॉ शिशुपाल सिंह यादव पर दाव खेला है।

सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट से पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के परिवार से प्रतिमा बागरी को चुनाव मैदान में उतारा गया है, तो अलीराजपुर जिले की जोबट (अजजा) सीट से हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालीं आदिवासी नेता सुलोचना रावत को मैदान में उतारा है। इन चारों सीटों पर कांग्रेस पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। खंडवा में उसने पूर्व विधायक राजनारायण सिंह पुरनी, पृथ्वीपुर में नितेंद्र सिंह राठौर, रैगांव में कल्पना वर्मा और जोबट में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल को प्रत्याशी बनाया है।

उपचुनावों के लिए नामांकनपत्र दाखिले की प्रक्रिया एक अक्टूबर को ही प्रारंभ हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि कल यानी शुक्रवार है। अब तक प्रमुख प्रत्याशियों की ओर से एक भी नामांकनपत्र दाखिल नहीं हुआ है। आज से कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों की ओर से नामांकनपत्र दाखिल किए जाने की संभावना है। इनकी जांच 11 अक्टूबर को होगी और 13 अक्टूबर तक नामवापसी की तिथि निर्धारित है।

चारों क्षेत्रों में मतदान 30 अक्टूबर को और मतगणना 02 नवंबर को होगी। खंडवा में वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान (भाजपा), पृथ्वीपुर में पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर (कांग्रेस), रैगांव में पूर्व मंत्री जुगुलकिशोर बागरी (भाजपा) और जोबट में कांग्रेस की महिला विधायक कलावती भूरिया के निधन के कारण उपचुनाव कराना पड़ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें…

पीएम मोदी ने देशवासियों को नवरात्रि की दी बधाई

संबंधित समाचार