बरेली: हरीश रावत दो घंटे हिरासत में रहे, कांग्रेसियों का हंगामा
बहेड़ी/बरेली, अमृत विचार। सैकड़ों समर्थकों के साथ लखीमपुर खीरी जाने के लिए यूपी-उत्तराखंड बार्डर पार कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बहेड़ी समेत समर्थकों के साथ बहेड़ी के आमडंडा टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया। पुलिस …
बहेड़ी/बरेली, अमृत विचार। सैकड़ों समर्थकों के साथ लखीमपुर खीरी जाने के लिए यूपी-उत्तराखंड बार्डर पार कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बहेड़ी समेत समर्थकों के साथ बहेड़ी के आमडंडा टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने उन्हें करीब दो घंटे तक हिरासत में रखा। पुलिस दो गाड़ियों से जाने की अनुमति दे रही थी लेकिन हरीश रावत समर्थकों के साथ जाने की जिद पर अड़े थे। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। हरीश रावत समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इससे भड़के कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 20 गाड़ियों के काफिले के साथ लखीमपुर खीरी जाने के लिए आमडंडा पहुंचे थे। यहां पर पुलिस ने पहले से ही बेरिकेडिंग लगा दी थी। हरीश रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय तानाशाही चल रही है। देश के किसानों के खिलाफ पहले कृषि अध्यादेश लाकर उन्हें खत्म करने का प्रयास किया और अब जो किसान आवाज उठाता है तो उसकी आवाज दबाई जा रही है। महासचिव प्रियंका गांधी को अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया।
समर्थकों के साथ जाने की अनुमति नहीं मिलने पर हरीश रावत वापस लौट गए। इधर बरेली से जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला के साथ इलियास अंसारी, दिनेश दद्दा, कृष्ण कांत शर्मा, जिया उर रहमान, ताराचंद्र चौधरी, सुनील मनचंदा, सुखविंदर सिंह, अयाज खान, केके दीक्षित, योगेश जौहरी, पारस शुक्ला, हर्षित दुबे, विजय मौर्य, संदीप चौधरी आदि के साथ पहुंचे हुए थे।
आठ घंटे तक टोज प्लाजा की घेराबंदी में डटे रहे अधिकारी
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के काफिले के साथ लखीमपुर जाने की सूचना पर उप जिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार राम दयाल वर्मा, सीओ अजय गौतम, कोतवाल जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ सुबह 8 बजे ही बार्डर पर पहुंच गए। इधर मीरगंज के कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ सलीम अख्तर, अब्दुल बारी, संदीप चौधरी, हरीश गंगवार, दिलीप गंगवार, हाजी अली तथा अली बहादुर भी पहुंचे थे। उन्हें प्रशासन ने बार्डर पर हरीश रावत से मिलने जाने दिया। हरीश रावत शाम करीब 4 बजे वापस लौटे। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराकर अधिकारी वापस लौटे।
