बरेली: हर्ष फायरिंग में मौत मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। भमौरा के घिलौरा में ट्रैक्टर खरीदने की खुशी के दौरान हर्ष फायरिंग में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। खेतल सिंह की पत्नी की ओर से बेटे के आ जाने के बाद तहरीर दी गई थी। वहीं फायरिंग …
बरेली, अमृत विचार। भमौरा के घिलौरा में ट्रैक्टर खरीदने की खुशी के दौरान हर्ष फायरिंग में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। खेतल सिंह की पत्नी की ओर से बेटे के आ जाने के बाद तहरीर दी गई थी। वहीं फायरिंग करने वाला शानू अभी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। घिलौरा गांव में रामस्वरूप द्वारा नया ट्रैक्टर खरीदने की मिठाई बांटी जा रही थी।
रामस्वरूप के घर के बाहर भीड़ में खेतल भी खड़े थे। उसी समय गांव का शानू ठाकुर शराब के नशे में धुत्त होकर वहां पहुंचा और तमंचा लहराते हुए फायर खोल दिया। गोली सामने खड़े खेतल को लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा फिर वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि बरेली पहुंचने से पहले ही खेतल दम तोड़ चुके थे।
पिता की मौत की सूचना पर शनिवार की सुबह बेटा रंजीत सागर सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। जहां उसने मां को सहारा दिया और उनकी तरफ से तहरीर लिखकर भमौरा थाने में दी। खेतल की पत्नी की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने शानू ठाकुर पर हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
दूसरी बार में तमंचा लेकर मौके पर पहुंचा था शानू
खेतल के परिजनों ने बताया कि ट्रैक्टर की मिठाई के दौरान आस-पड़ोस के कई लोग मौके पर मौजूद थे। शानू ठाकुर पहली बार में आकर मिठाई खाकर घर चला गया था, उस समय भी वह शराब के नशे में था। जाने के कुछ देर बाद ही शानू दोबारा घटना स्थल पर पहुंचा तब वह नशे में धुत्त था और उसके पास तमंचा भी था। दोबारा में ही उसने तमंचा लहराते हुए फायर किया था।
