उत्तराखंड में भाजपा को लगा दोहरा झटका, मंत्री यशपाल आर्य बेटे संजीव के साथ कांग्रेस में शामिल
हल्द्वानी, अमृत विचार: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की घड़ी ज्यों ज्यों नजदीक आ रही है, वैसे वैसे नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा के बाद अब वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की घड़ी ज्यों ज्यों नजदीक आ रही है, वैसे वैसे नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा के बाद अब वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

2017 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य और उनके बेटे नैनीताल विधायक संजीव आर्य ने घर वापसी करते हुए कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। इस मौके पर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ,उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव मौजूद रहे।

इस मौके पर कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने कहा कि पांच सालों में भाजपा में कभी भी सम्मान नहीं मिला, भाजपा ने हमेशा उनका फायदा चुनाव में उठाया लेकिन उनको कभी भी अपना नहीं समझा। अब वह विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को दोबारा से उत्तराखंड की सत्ता में काबिज करने के लिए मेहनत करेंगे। इधर, यशपाल आर्य और संजीव आर्य के पाला बदलने से भाजपा के साथ ही कांग्रेस खेमे में भी हलचल बढ़ गई है।
