सीतापुर: आर्यावर्त बैंक में नकब लगाकर चोरी का प्रयास, सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल
सीतापुर। बैंक में सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली का फायदा उठाकर थाना रेउसा इलाके में स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा किशोरगंज में दुस्साहसिक चोरों ने रविवार की रात नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश सफल नहीं हो पाए। क्षेत्र के ग्राम रमुवापुर निवासी महेंद्र सिंह के किराए के मकान में संचालित आर्यावर्त बैंक शाखा …
सीतापुर। बैंक में सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली का फायदा उठाकर थाना रेउसा इलाके में स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा किशोरगंज में दुस्साहसिक चोरों ने रविवार की रात नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश सफल नहीं हो पाए। क्षेत्र के ग्राम रमुवापुर निवासी महेंद्र सिंह के किराए के मकान में संचालित आर्यावर्त बैंक शाखा किशोरगंज में शनिवार व रविवार दो दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को जब बैंक कर्मी अपने समय पर बैंक शाखा पहुंच कर ताला खोल कर अंदर पहुंचे तो, बैंक के अंदर का नजारा देख कर दंग रह गए।
बैंक शाखा की दक्षिणी दीवार में नकब लगी हुई थी। स्ट्रांग रूम का ताला भी टूटा हुआ देख शाखा प्रबंधक सोनू सिंह सहित अन्य कर्मियों के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। आनन फानन में अपने उच्चाधिकारियों सहित स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र पाण्डेय ने स्थिति का जायजा लिया और देखा कि बैंक के दक्षिणी दीवार पर नकब लगी हुई है।
स्ट्रांग रूम का ताला टूटा हुआ है। बैंक की सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए सीसी टीवी कैमरे व अलार्म काम नहीं कर रहा है। बैंक में रखी बैट्री का बैकअप मात्र चार घंटे का ही है। बैंक में दो दिनों से अवकाश था। बैंक में लेनदेन करने पहुंचे खाताधारकों एवं ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत फैली हुई हैं। राजू सिंह के बंद पड़े मकान की तरफ से नकब लगा कर चोर अंदर दाखिल हुए थे। राजू सिंह कई वर्षों से अपने पूरे परिवार के साथ अन्यत्र रहते हैं। उनका यह पैतृक मकान बंद पड़ा रहता हैं।
शाखा प्रबंधक सोनू कुमार ने बताया कि सोमवार को जब बैंक शाखा के मुख्य द्वार का ताला खोला और अंदर गये तो, देखा कि दक्षिणी दीवार में नकब लगी हुई थी। अंदर स्ट्रांग रूम के ताला टूटा मिला चोरों ने लाकर को तोड़ने का भरसक प्रयास किया। लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। लॉकर में रखी धनराशि और सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित हैं।
