मुरादाबाद: पीतल बस्ती में खुले नाले ने ली पीतल फर्म के सुपरवाइजर की जान
मुरादाबाद, अमृत विचार। टहलने के लिए निकला निर्यात फर्म का सुपरवाइजर शराब के नशे में नाले में जा गिरा। वह पूरी रात वहीं पड़ा रहा और नाले के पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह नाले में शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जुटे लोगों ने शव की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। टहलने के लिए निकला निर्यात फर्म का सुपरवाइजर शराब के नशे में नाले में जा गिरा। वह पूरी रात वहीं पड़ा रहा और नाले के पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह नाले में शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जुटे लोगों ने शव की शिनाख्त की। इस बीच मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कटघर कोतवाली क्षेत्र की पीतल बस्ती कमला विहार खजूर वाली गली निवासी 35 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र स्व. उमराव सिंह कांठ रोड स्थित निर्यात फर्म में सुपरवाइजर थे। उनके परिवार में पत्नी गुड़िया के अलावा चार बच्चे 13 वर्षीय शांतनु, 11 वर्षीय मुकुल और आठ वर्षीय जुड़वां समय और मानव हैं। सोमवार को उनका अवकाश था। शाम के समय वह टहलने के लिए कहकर घर से निकले थे।
इसके बाद घर नहीं लौटे। देर रात करीब साढ़े 11 बजे कुछ लोगों ने ओमप्रकाश को देसी शराब की दुकान के पास बैठे हुए देखा था। उन्होंने उससे घर चलने के लिए भी कहा मगर उसने बाद में आने को कह दिया था। मंगलवार सुबह ओमप्रकाश का शव शराब की दुकान के पास ही स्थित नाले में ओंधे मुंह पड़ा मिला।
मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि वह चार भाई और एक बहन मीना है। पिता की मौत हो चुकी है। विधवा मां चंद्रवती मुकेश के साथ रहती है, जबकि ओमप्रकाश अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में रहता था। वह शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी ने रात में उन्हें कोई सूचना नहीं दी।
सुबह शव मिलने पर बताया था। वह मौके पर पहुंचे तो पुलिस ओमप्रकाश के शव को नाले से निकाल रही थी। मुकेश के अनुसार ओमप्रकाश शराब के नशे में नाले में गिर गए और उनकी पानी में डूबकर मौत हो गई। कटघर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पीएम रिपोर्ट में ओमप्रकाश की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है।
