मुरादाबाद : दूसरी पत्नी को तलाक देने के नाम पर पहली पत्नी से 60 हजार हड़पे
मुरादाबाद, अमृत विचार। अहमदाबाद में मजदूरी करने गए युवक ने पहली पत्नी के सहमति के बिना दूसरा निकाह कर लिया। जानकारी होने पर पंचायत में दूसरी पत्नी से तलाक करा दिया गया। युवक ने दूसरी पत्नी को तलाक देने के नाम पर पहली पत्नी के पिता से 60 हजार रुपये हड़प लिए। इसके बाद चुपके …
मुरादाबाद, अमृत विचार। अहमदाबाद में मजदूरी करने गए युवक ने पहली पत्नी के सहमति के बिना दूसरा निकाह कर लिया। जानकारी होने पर पंचायत में दूसरी पत्नी से तलाक करा दिया गया। युवक ने दूसरी पत्नी को तलाक देने के नाम पर पहली पत्नी के पिता से 60 हजार रुपये हड़प लिए। इसके बाद चुपके से पति अहमदाबाद चला गया। मामले में एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत पर बिलारी पुलिस को एफआईआर का आदेश दिया है।
बिलारी थानाक्षेत्र के गांव कुआंखेड़ा निवासी मुसायता के अनुसार उसका निकाह सात साल पूर्व मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव असालत नगर बघा निवासी अय्यूब के साथ हुआ था। उसके दो बच्चे भी हैं। अहमदाबाद में मजदूरी करने गए पति ने उसे बिना बताए यास्मीन से दूसरा निकाह कर लिया। जानकारी होने पर मामले में दोनों के बीच 20 अक्टूबर को भरी पंचायत में तलाक करा दिया गया।
इस तलाक की आड़ में मुसायता के ससुर शकील उर्फ सगीर ने उसके पिता से यह कहते हुए 60 हजार रुपये हड़प लिए कि तलाक के लिए अय्यूब की दूसरी पत्नी को एक लाख 20 हजार रुपये देने हैं। बाद में यास्मीन भी अहमदाबाद चली गई, इसके कुछ दिन बाद चुपके से उसका पति अय्यूब भी वहीं चला गया। आरोप है कि बाद में पति ने उससे वर्षों तक कोई संपर्क नहीं किया। जब उसने अपने सास-ससुर से पूछा तो उन्होंने बताया कि अय्यूब और यास्मीन का कोई तलाक नहीं हुआ है।
वह तो तुझे और तेरे पिता को शांत करने के लिए ड्रामा किया गया था। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई। आरोप है कि दो सितंबर को ससुर, जेठ, सास उसके यहां आए और बताया कि अय्यूब ने उसे तलाक दे दिया है और मेहर की रकम पांच हजार रुपये उसके मायके वालों के दरवाजे पर फेंक कर चले गए। पीड़िता ने बिलारी पुलिस से भी शिकायत की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी बबलू कुमार ने बिलारी पुलिस को मामले की एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
