अयोध्या: मूर्ति विसर्जन आज, विजयदशमी को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
अयोध्या। जिले में विजयदशमी की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मूर्तियों का विसर्जन कराया जाएगा। सुबह आठ बजे से मूर्ति विसर्जन तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। बीते गुरुवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित माता जी के मंदिरों में भक्तों की …
अयोध्या। जिले में विजयदशमी की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मूर्तियों का विसर्जन कराया जाएगा। सुबह आठ बजे से मूर्ति विसर्जन तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। बीते गुरुवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित माता जी के मंदिरों में भक्तों की सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी थी। भक्तों ने श्रद्धा अर्पित कर पूजा-अर्चना किया। नवमी का दिन होने के कारण मंदिरों में सबसे ज्यादा लोगों की भीड़ हवन करने के लिए उमड़ी।
इस दौरान घरों व मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया गया। वहीं दूसरी तरफ शाम होते-होते सभी पंडाल जगमग हो गए। लोगों ने पंडालों में स्थापित माता जी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई भक्त सेल्फी लेते भी नजर आए। देर शाम तक पंडालों के बाहर भंडारे का आयोजन चलता रहा। आज शुक्रवार को विजयदशमी पर्व के चलते रावण दहन किया जाएगा। यही नहीं पंडालों में स्थापित मूर्तियों का विसर्जन भी किया जाएगा।
ऐसे में सभी चौकी प्रभारियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मूर्तियां विसर्जन कराने का निर्देश दिया गया है। गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड में सभी मूर्तियों का विसर्जन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में मां की प्रतिमाओं को विसर्जित किया जाता है। सुबह आठ बजे से विसर्जन तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
