हल्द्वानी: बाजपुर से ही चुनाव लडूंगा, यही है मेरी कर्मभूमि-यशपाल आर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ‘बाजपुर मेरी कर्मभूमि रही है, मैं बाजपुर से ही चुनाव लडूंगा। हल्द्वानी या अन्य किसी विधानसभा से चुनाव लड़ने की कोई तैयारी नहीं है’ यह कहना है कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का। गुरुवार को छड़ायल स्थित आवास में पत्रकारों से हुई बातचीत में कहा कि …

हल्द्वानी, अमृत विचार। ‘बाजपुर मेरी कर्मभूमि रही है, मैं बाजपुर से ही चुनाव लडूंगा। हल्द्वानी या अन्य किसी विधानसभा से चुनाव लड़ने की कोई तैयारी नहीं है’ यह कहना है कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का।

गुरुवार को छड़ायल स्थित आवास में पत्रकारों से हुई बातचीत में कहा कि कांग्रेस में शामिल करने के लिए शीर्ष व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताता हूं। उन्होंने कहा कि अभी तो कई और आना बाकी है। जल्द ही नई-नई खबरें मिलेंगी। भाजपा छोड़ने के फैसले पर उन्होंने कहा कि वह स्वाभिमानी व्यक्ति है, अब स्वाभिमान से समझौता नहीं कर सकता था।

भाजपा की रीति-नीति, विचारधारा आमजन महिला, बुजुर्ग, किसान, युवा सभी के विपरीत है। भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, जब मैं कांग्रेस में था तो कई नेताओं से मनभेद हुए, लेकिन जगजाहिर नहीं किया। लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वहां घुटन महसूस होती थी और स्वाभिमान बचाने के लिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वहीं बाजपुर विधानसभा के बजाय हल्द्वानी से चुनाव लड़ने के सवाल पर आर्य ने कहा कि बाजपुर से विधायक हैं, बाजपुर उनकी कर्मभूमि हैं और वहीं से चुनाव लडूंगा।

उन्होंने कहा कि लखीमपुर घटना लोकतंत्र की शर्मनाक घटना है। सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, अपनी आवाज उठाना अपराध नहीं है। इससे पूर्व नई दिल्ली से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर हल्द्वानी पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे विधायक संजीव आर्य का कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में दीपक बल्यूटिया, महेश शर्मा, प्रदीप नेगी, हिमांशु गाबा, परमजीत सिंह शंटी, हरेंद्र सिंह लाडी, संदीप चीमा, मयंक बिष्ट आदि मौजूद थे।

आर्य के बयान से हल्द्वानी विधानसभा के उम्मीदवारों को मिली राहत

पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य के बाजपुर से चुनाव लड़ने के बयान पर हल्द्वानी विधानसभा से तैयारी कर रहे प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, पब्लिसिटी कमेटी अध्यक्ष सुमित हृदयेश व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य ललित जोशी की बेचैनी खत्म हो गई है सभी उम्मीदवार फिर से पूरे जोश से तैयारियों में जुट गए हैं हालांकि अभी भी सभी उम्मीदवार गुपचुप ढंग से दिल्ली कनेक्शन के जरिए आर्य की सीट पता लगाने में जुटे हुए हैं।

कई मंत्री, विधायक भाजपा में संदिग्ध रहेंगे

पूर्व मंत्री आर्य ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि एक विधायक नई दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन करने गए थे लेकिन बिना ज्वाइन करे लौट आए। इसी तरह एक मंत्री जो पार्टी लीक से हटकर बयान दे रहे थे या जो मंत्री नाराज थे। वे भाजपा में जरूर हैं लेकिन संदिग्ध हैं और संदिग्ध ही रहेंगे।

 विजय शंखनाद रैली से खोलूंगा ‘भाजपा के सच’

पूर्व मंत्री आर्य ने कहा कि 18 अक्टूबर को रामलीला मैदान में उनका स्वागत कार्यक्रम है जहां से वे कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के साथ मिलकर कांग्रेस का विजय शंखनाद करेंगे। इसी मंच से वह भाजपा के सच के खुलासे कर सकते हैं। वह कई रहस्यों से पर्दा उठाएंगे। इस बयान के बाद से भाजपा दिग्गजों व राज्य सरकार में खलबली बढ़ गई है।

संबंधित समाचार