रायबरेली: रुकेगा फर्जीवाड़ा, मोबाइल ओटीपी से होगा किसानों का पंजीकरण
रायबरेली। धान खरीद को लेकर जिले में विपणन विभाग शासन के आदेशानुसार डिजिटल व्यवस्था कर रहा है। ऐसे में क्रय केंद्रों पर पंजीकरण के लिए किसानों को मोबाइल नंबर अपडेट कराना होगा। नंबर अपडेट कराते ही उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। इसी ओटीपी से पंजीकरण किया जाएगा। जिले में 65 क्रय केंद्रों पर धान …
रायबरेली। धान खरीद को लेकर जिले में विपणन विभाग शासन के आदेशानुसार डिजिटल व्यवस्था कर रहा है। ऐसे में क्रय केंद्रों पर पंजीकरण के लिए किसानों को मोबाइल नंबर अपडेट कराना होगा। नंबर अपडेट कराते ही उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। इसी ओटीपी से पंजीकरण किया जाएगा। जिले में 65 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद एक नवम्बर से शुरू होगी। इसके लिए पीसीएफ, एफसीआई, खाद्य विभाग, एसएफसी, कर्मचारी कल्याण निगम और यूपी एग्रो के क्रय केंद्र बनाए जाएंगे।
सबसे अधिक पीसीएफ के केंद्र बनेंगे। धान खरीद में फर्जीवाड़ा न हो तथा बिचौलिए किसानों का धान हड़प न हो सके, इसे लेकर खरीद प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है। उन्हीं किसानों का पंजीकरण होगा जिनका मोबाइल नंबर पोर्टल पर दर्ज होगा तथा पंजीकरण तभी होगा जब किसान के मोबाइल पर आए ओटीपी नंबर को दर्ज किया जाएगा। इससे वही किसान पंजीकृत होंगे जो सही होंगे। इस व्यवस्था से किसानों का सही लेखाजोखा पोर्टल पर होगा।
एकल खाता में जाएगा पैसा
धान खरीद का पैसा किसानों के खाते में 72 घंटे के भीतर पहुंच जाएगा। इसके लिए किसानों को एकल बैंक खाता नंबर दर्ज कराना होगा। संयुक्त खाता पंजीकरण फार्म में दर्ज नहीं होगा। महिला किसानों के लिए भी एकल खाता होना जरूरी है।
मोबाइल ओटीपी पर आधारित क्रय पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है। किसान जन सुविधा केंद्रों से भी क्रय के लिए पंजीकरण करा सकते हैं तो साथ ही विपणन के क्रय केंद्रों पर भी पंजीकरण की व्यवस्था है….रामानंद जायसवाल, जिला विपणन अधिकारी।
