बरेली: गन्ना बकाया भुगतान न होने पर सपा का प्रदर्शन
बरेली, अमृत विचार। गन्ना बकाया भुगतान न होने को लेकर शनिवार को पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के नेतृत्व में सपा की ओर से बहेड़ी में केसर चीनी मिल में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों को संबोधित करते हुए अताउर्रहमान भाजपा सरकार पर खूब बरसे। कहा कि किसानों को गन्ने का भुगतान …
बरेली, अमृत विचार। गन्ना बकाया भुगतान न होने को लेकर शनिवार को पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के नेतृत्व में सपा की ओर से बहेड़ी में केसर चीनी मिल में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों को संबोधित करते हुए अताउर्रहमान भाजपा सरकार पर खूब बरसे। कहा कि किसानों को गन्ने का भुगतान 14 दिन में करने की बात सरकार की तरफ से की गई थी लेकिन 14 महीने में भी किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान नहीं हो रहा है। इस दौरान बहेड़ी के विधायक एवं राज्यमंत्री छत्रपाल गंगवार को भी निशाने पर लिया। धरना प्रदर्शन के बाद केसर चीनी मिल के प्रबंधक तहसील और पुलिस अधिकारियों के साथ धरना स्थल पर आये और मंच से गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने कहा था कि अगर चीनी मिल मालिक 14 दिन में भुगतान नहीं करते तो किसानों को ब्याज सहित भुगतान दिया जायेगा या फिर चीनी मिल मालिकों को जेल भेजा जाएगा लेकिन भाजपा सरकार ने न तो चौदह दिन में किसानों को भुगतान दिलवाया और न ही मिल मालिकों को जेल भेजा।
बहेड़ी की केसर चीनी मिल पर डेढ़ सौ करोड़ रुपये किसानों के गन्ने का भुगतान बकाया है लेकिन भाजपा बहेड़ी विधायक ने एक बार भी किसानों को भुगतान दिलाने की कोशिश नहीं की बल्कि आंदोलन कर रहे किसानों के प्रति अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि बहेड़ी का किसान दिल्ली बार्डर पर शराब पीने और पिकनिक मनाने जाता है। अब बहेड़ी विधायक का किसान जगह-जगह काले झंडे दिखा कर विरोध कर रहे हैं। बहेड़ी का किसान 2022 के चुनाव में विधायक की जमानत जब्त कराकर पिकनिक मनाने के लिए बाहर भेज देगा। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख चौधरी अतर सिंह ने की। इस दौरान जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, जिला महासचिव सत्येंद्र यादव, रवींद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा खां, जिला उपाध्यक्ष चौधरी विजेंदर सिंह, तारिक लिटिल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव, जिला सचिव ठाकुर चंद्रपाल सिंह, जिला प्रवक्ता मयंक शुक्ला ‘मोंटी’ आरिफ एडवोकेट, जय प्रकाश भास्कर, पूर्व महानगर महासचिव पं.दीपक शर्मा, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष असलम खां आदि मौजूद रहे।
लखीमपुर खीरी कांड में भाजपा ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का नहीं लिया इस्तीफा
केसर चीनी मिल परिसर में सजे मंच से दिल्ली गाजीपुर बार्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का मुद्दा भी उठाया गया। अताउर्रहमान ने कहा कि कृषि कानूनों को वापस लेने की किसान गुहार लगा रहे हैं। सात सौ से अधिक किसान शहीद हो गए लेकिन किसान विरोधी सरकार सुनने को तैयार नहीं है। लखीमपुर में किसानों पर भाजपा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे और उनके गुंडों ने गाड़ी चढ़ाकर आठ किसानों को मौत के घाट उतार दिया लेकिन भाजपा की सरकार ने अभी तक मंत्री से इस्तीफा तक नहीं लिया बल्कि उसका बचाव करने में लगी हुई है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार से त्रस्त हो गई है।
