बरेली: पहले गला दबाया, फिर व्यापारी के सीने में उतार दी गोली
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के सुरेश शर्मा नगर के रहने वाले किराना व्यापारी शानू गुप्ता का शव एक दिन पहले भुता थाना क्षेत्र में दासपुर में खून से लथपथ मिला था। मौके पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए थे। जिससे परिजनों ने उसकी पहचान की। …
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के सुरेश शर्मा नगर के रहने वाले किराना व्यापारी शानू गुप्ता का शव एक दिन पहले भुता थाना क्षेत्र में दासपुर में खून से लथपथ मिला था। मौके पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए थे। जिससे परिजनों ने उसकी पहचान की। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शानू की मारपीट, गला दबाकर और गोली मारने से हत्या की पुष्टि हुई है। व्यापारी के छोटे भाई की ओर से चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगते हुए बारादरी थाने में तहरीर दी गई है।
व्यापारी के छोटे भाई सचिन ने बताया कि शानू 14 अक्टूबर की सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस न आने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश की थी लेकिन कोई पता नहीं चल सका था। जिसके बाद परिजनों ने बारादरी थाने में शानू के गुमशुदा होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने के अगले ही दिन यानी शनिवार की दोपहर भुता में शानू का शव मिला था। रविवार की सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जहां पोस्टमार्टम के बाद किराना व्यापारी का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
14 को सुरेश शर्मा नगर चौराहे पर दिखा था शानू
14 अक्टूबर की सुबह से लापता किराना व्यापारी को तलाशने के लिए जब परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की तो पता चला कि दोपहर करीब 11:00 से 12:00 के बीच शानू गुप्ता को कुछ लोगों ने सुरेश शर्मा नगर चौराहे पर पहले अकेले देखा था। कुछ समय बाद करीब 4 अन्य लोगों के साथ देखा था। इसके बाद से ही उनका कुछ भी पता नहीं चल सका था।
मारपीट से लेकर गोली मारने की हुई पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किराना व्यापारी शानू गुप्ता की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक शानू के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा गला दबाने के भी साक्ष्य मिले हैं। साथ ही सीने के दाएं तरफ गोली भी धंसी मिली है। पुलिस का अंदाजा है कि पहले किराना व्यापारी के साथ मारपीट की गई उसके बाद गमछे से उसका गला दबाया गया और फिर हत्या के इरादे से गोली मार दी गई।
रुपयों के लेन-देन की बात आ रही सामने
छोटे भाई सचिन के मुताबिक शानू का कुछ लोगों के साथ रुपयों का लेनदेन था। हालांकि परिजनों की जानकारी में रकम या उससे जुड़ी कोई बात नहीं थी। मामला केवल उसके भाई शानू और अन्य लोगों के बीच ही था। छोटे भाई सचिन ने बारादरी के दुर्गानगर और सुरेश शर्मा नगर निवासी दो नामजद लोगों समेत दो अज्ञात लोगों पर शानू की हत्या का आरोप लगाया है।
पांच साल पहले ही बरेली आए थे किराना व्यापारी
सुरेश शर्मा नगर निवासी किराना व्यापारी सानू गुप्ता मूल रूप से शाहजहांपुर के कोतवाली क्षेत्र स्थित पोस्ती पाकड़ खलील सर्की इलाके के रहने वाले थे। पांच साल पहले ही व्यापार के चलते शानू बरेली आए और यहीं रहने लगे। शानू के परिवार में पत्नी कामिनी गुप्ता और दो साल की बेटी है। मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
शुरुआती जांच के आधार पर रुपयों के लेन-देन को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर के बाद मामला हत्या के आरोप में तरमीम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। – नीरज मलिक, इंस्पेक्टर, बारादरी
