समन्वय बनाकर पांचवें दीपोत्सव को बनाएं सफल: मुकेश मेश्राम
अयोध्या। पांचवें दीपोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए गुरुवार को अयोध्या पहुंचे प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम ने यहां जिलाधिकारी सहित संबंधित अफसरों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने राम की पैड़ी पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और आयोजनों में लगाई गई एजेंसियों से जानकारियां ली। मेश्राम ने …
अयोध्या। पांचवें दीपोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए गुरुवार को अयोध्या पहुंचे प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम ने यहां जिलाधिकारी सहित संबंधित अफसरों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने राम की पैड़ी पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और आयोजनों में लगाई गई एजेंसियों से जानकारियां ली। मेश्राम ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ आयोजन को सफल बनाएं।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम को 1 से 6 नवम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मुख्य कार्यक्रम तीन नवम्बर को होगा। भगवान श्री राम, माता सीता, अनुज लक्ष्मण के स्वरूप का नए घाट पर पुष्पक विमान से आगमन होगा।
इसके साथ उन्होंने मुकेश मेश्राम को दीपोत्सव पर आयोजित होने वाले अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिसमें रामकथा पार्क का कार्यक्रम, दीपोत्सव में लगभग नौ लाख दीयों को प्रकाशमय करने, राम की पैड़ी सहित अन्य स्थलों पर दीये जलाने, 500 ड्रोन द्वारा रामायण कालीन दृश्यों को दिखाने, लेजर शो, 30 लाइट गेट व पूरे अयोध्या को सजाने, हेलीकाप्टर द्वारा आकाश से पुष्प वर्षा, विदेशी रामलीला व स्थानीय रामलीला दलों द्वारा रामलीला प्रसंगों के मंचन आदि के बारे में विस्तार से बताया।
जिलाधिकारी ने बताया कि दीयों को जलाने के लिए 12 हजार वॉलंटियर्स नियुक्त किए जा रहे हैं, जिनका एक ड्रेस कोड होगा। उनकी टीशर्ट पर 5 दीयों का चित्र प्रिंट होगा। वॉलंटियर्स डॉ.राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त किए जाएंगे। इस दौरान मुकेश मेश्राम ने आमंत्रण पत्र के साथ मेन्यू का एक फोल्डर लगाने के निर्देश दिये, जिसमें तिथिवार कार्यक्रमों का पूर्ण विवरण व उसका समय व स्थान अंकित होना चाहिए, ताकि आमंत्रित किये गये अतिथियों को यह ज्ञात हो कि कौन सा इवेन्ट किस स्थान पर किस समय होगा।
प्रमुख सचिव ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने में पूरे मनोयोग से लग जाएं। बैठक के पश्चात प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के साथ रामकथा पार्क के आस-पास व राम की पैड़ी का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रमुख उपस्थित थे।
