अनोखा होगा अयोध्या का इंटरनेशनल एयरपोर्ट : नंद गोपाल नंदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने व एकजुट होने के संकल्प के साथ शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का शुभारम्भ हुआ। मानस भवन में आयोजित बैठक के उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक डॉ. …

अयोध्या। राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने व एकजुट होने के संकल्प के साथ शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का शुभारम्भ हुआ। मानस भवन में आयोजित बैठक के उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक डॉ. नीरज बोरा सहित तमाम राजनेताओं ने शिरकत की। इस दौरान वैश्य समाज को आपसी भेदभाव भुलाकर एकजुट होने तथा अपने समाज के लोगों को प्रत्येक स्तर पर संरक्षण प्रदान करने का आह्वान किया गया।

नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि सामाजिक एकजुटता के कारण ही मैं बिना किसी अनुभव के भी जनप्रतिनिधि निर्वाचित हो सका। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को सहयोग देकर राजनीति में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। नन्दी ने कहा कि यूपी में बनारस व लखनऊ से ही नियमित उड़ाने होती थीं लेकिन अब छह डोमेस्टिक व तीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान चालू हुई है। अयोध्या का इंटरनेशनल एयरपोर्ट अपने आप में अनोखा होगा।

अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आप सबको जनपद स्तर पर समाज के लोगों को इकट्ठा करना होगा। विधानसभा के नवनिर्वाचित डिप्टी स्पीकर नितिन अग्रवाल समापन सत्र में सम्मिलित होंगे। संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, रमेश अग्रहरि, अटल गुप्ता, अरुण अग्रवाल, जगमोहन गुप्ता व नानकचंद गोयल ने विभिन्न मंडल व जिलों की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।

कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता के साथ ही वैश्य महासम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय महामंत्री राजीव मित्तल, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, जिला पंचायत अमेठी के अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित प्रदेश के कोने-कोने से आये वैश्य समाज के पदाधिकारी शामिल हुए।

संबंधित समाचार