सपा, बसपा व कांग्रेस के एजेंडे में नहीं था पिछड़ों का विकास: मुख्यमंत्री योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों की नियत पिछड़ों के विकास की नहीं थी। वह नहीं चाहती थीं कि पिछड़े समाज का विकास हो और गरीब समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इसलिए इन दलों की सरकारों ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। भाजपा सरकार ने …

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों की नियत पिछड़ों के विकास की नहीं थी। वह नहीं चाहती थीं कि पिछड़े समाज का विकास हो और गरीब समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इसलिए इन दलों की सरकारों ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। भाजपा सरकार ने संवैधानिक दर्जा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पंचायत भवन में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

विपक्षियों पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि इनको अपने परिवार से ही फुर्सत नहीं है। किसान, वंचित, गरीब, दबे, कुचले वर्ग का विकास कभी इन दलों के एजेंडे में नहीं रहा। आजादी के बाद कोई भी ठाकुर चौहान से पहले राज्यपाल नहीं बना। आज हमारी सरकार में दारा सिंह चौहान बड़ा मंत्रालय संभाल रहे हैं। प्रभुनाथ चौहान उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हैं। इस समाज के लोग ब्लॉक प्रमुख बन रहे हैं। उन्होंने पिछड़े समाज का आह्वान किया कि भावी पीढ़ी के भविष्य के लिए भाजपा सरकार जरूरी है। इसके लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करना होगा, क्योंकि देश की अहम अर्थव्यवस्था बनने जा रहे प्रदेश के इस अभियान में बाधा डालने के लिए षड्यंत्र होंगे, सौदेबाजी की जाएगी और झूठ का सहारा लेकर दुष्प्रचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में सबका साथ, सबका विकास एक मंत्र दिया था, जो आज हकीकत में तब्दील हो रहा है। कांग्रेस ने कश्मीर में धारा 370 लगाकर देश में आतंकवाद का बीज बोया था। प्रधानमंत्री ने उसे हटाकर आतंकवाद को सदा के लिए समाप्त कर दिया। सपा, बसपा शासन में थाने व तहसीलें बिक चुके थे। सपा व बसपा के कार्यकर्ताओं ने लूट मचाई थी।

योगी ने कहा कि 2014 से पहले लोगों में व्यापक असंतोष, आक्रोश और अविश्वास था। कांग्रेस की यूपीए सरकार देश की कीमत पर राजनीति कर रही थी। यूपीए राज में देश की बाह्य एवं आंतरिक सुरक्षा खतरे में थी। वहीं सपा सरकार में मठों, मंदिरों पर हमले होते थे। वृहद हिन्दू समाज की भावनाओं पर कुठाराघात कर रौंदा जा रहा था। सपा शासन में आतंकियों के मुकदमें वापस होते थे। हिन्दुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज होते थे। इस मौके पर पर्यावरण एवं वन मंत्री दारा सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिल राजभर, उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, प्रदेश मंत्री मोहन सिंह, ब्लाक प्रमुख रामभरोसे चौहान आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार