पीलीभीत: स्कूल संचालक को सिटी मजिस्ट्रेट का नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर पालिका की बेशकीमती जमीन पर संचालित मेस्टर्न पब्लिक स्कूल प्रकरण में जांच कमेटी गठित होने के बाद जांच अधिकारी ने स्कूल संचालक को नोटिस दिया है। इसमें जांच अधिकारी ने संचालक से तीन दिन में जवाब मांगा है। नगर पालिका की करोड़ों की बेशकीमती जमीन दो रुपये साल किराए पर देने …

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर पालिका की बेशकीमती जमीन पर संचालित मेस्टर्न पब्लिक स्कूल प्रकरण में जांच कमेटी गठित होने के बाद जांच अधिकारी ने स्कूल संचालक को नोटिस दिया है। इसमें जांच अधिकारी ने संचालक से तीन दिन में जवाब मांगा है। नगर पालिका की करोड़ों की बेशकीमती जमीन दो रुपये साल किराए पर देने के मामले में डीएम ने सत्यता का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी।

कमेटी ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए स्कूल संचालक को नोटिस भेजा है। जिसमें संचालक से जमीन के प्रकरण में कोई भी आपत्ति दाखिल करने के लिए तीन दिन की समय सीमा दी है। नोटिस मिलने के बाद स्कूल संचालक ही नहीं बल्कि इस पूरे खेल में शामिल अफसर-कर्मचारी और सफेदपोशों की धड़कनें बढ़ गई है।

नगर पालिका कार्यालय के सामने दो एकड़ जमीन और भवन मेस्टन लाइब्रेरी के नाम से दो रुपये साल किराए पर दे दिया गया था। दशकों बाद भी न तो किराया बढ़ाया गया, न ही समय सीमा पूरी होने पर दोबारा नीलामी कराई गई थी। अमृत विचार ने इस मामले को प्रमुखता से उजागर किया।उसके बाद से खलबली मची हुई है।

इसके बाद नगर पालिका ईओ सुरेंद्र प्रताप ने जमीन की कीमत 50 करोड़ से अधिक बताते हुए यह भी बताया कि चालीस साल से नगर पालिका को इसका कोई किराया भी नहीं मिला है। इस मामले में डीएम पुलकित खरे ने इस प्रकरण की जांच करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और एआईजी स्टांप की तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है।

जांच कमेटी ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका से अभिलेख तलब करने के बाद अब स्कूल के संचालक कुणाल भल्ला को नोटिस दिया है। जिसमें कहा गया है कि अगर इस प्रकरण में अगर कोई अभिलेख या अभिकथन में कुछ कहना है, तो वह 25 अक्टूबर तक सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में पेश होकर बयान दे सकते हैं। लगातार इस प्रकरण में कार्रवाई आगे बढ़ती देख राजनीतिक आकाओं की शरण में भी पहुंचना शुरू हो गए है, ताकि किसी तरह इस मामले में शुरू हुई जांच पड़ताल को दबाया जा सके।

मेस्टर्न पब्लिक स्कूल प्रकरण की जांच मिली है। इस मामले में स्कूल संचालक को नोटिस दिया गया है। हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। -अरुण कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट

संबंधित समाचार