रायबरेलीः रायबरेली-प्रयागराज मार्ग बनेगा फोरलेन, फर्राटा भरेंगे वाहन
रायबरेली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एमएचएआई) रायबरेली-प्रयागराज राजमार्ग पर 728 करोड़ रुपए की लागत से पांच बाईपास और एक लिंक रोड बनाएगा। इनमें से चार रायबरेली और एक प्रतापगढ़ जिले में है। रायबरेली में बाईपास के निर्माण के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। इसके निर्माण में दो साल लगेंगे। बाइपास बनने से रायबरेली-प्रयागराज …
रायबरेली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एमएचएआई) रायबरेली-प्रयागराज राजमार्ग पर 728 करोड़ रुपए की लागत से पांच बाईपास और एक लिंक रोड बनाएगा। इनमें से चार रायबरेली और एक प्रतापगढ़ जिले में है। रायबरेली में बाईपास के निर्माण के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। इसके निर्माण में दो साल लगेंगे। बाइपास बनने से रायबरेली-प्रयागराज के बीच यातायात फर्राटेदार हो जाएगा।
एनएच- 30 हाईवे लखनऊ से प्रयागराज तक है। इसमें लखनऊ-रायबरेली राजमार्ग का निर्माण यूपीए शासनकाल में हो चुका है। वहीं रायबरेली से प्रयागराज का 120 किमी लंबा मार्ग अभी टू-लेन है। इस राजमार्ग पर सई नदी पुल के साथ जगतपुर और बाबूगंज कस्बों में भीड़ के चलते जाम लगता है। वहीं तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का भी खतरा बना रहता है। इन सब दिक्कतों को दूर करने के लिए एनएचएआई ने पांच बाईपास और एक लिंकरोड बनाने को मंजूरी दी है। इसके लिए 728 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया गया है।
सई नदी पर बनेगा पुल
शहर के किनारे सटे सई नदी पर नया पुल भी बनेगा। इसकी दोनों ओर की 810 मीटर लंबी एप्रोच रोड बनेगी। जगतपुर में बाईपास सात किमी लंबा, बाबूगंज में पांच किमीं लंबा और ऊंचाहार में 12 किमी लंबी लिंक रोड बनेगी। इस पर एक रेलवे ओवरब्रिज बनाने का भी प्रस्ताव शामिल है। प्राधिकरण ने इन नए बाईपास और लिंक रोड के लिए पिछले माह ही ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिए हैं। बताते हैं कि नए बाईपास और लिंक रोड बनाने में दो साल का समय लगेगा।
सई का पुल संकरा होने से लगता है जाम
शहर में बने सई नदी के पुल के संकरे होने से यहां आए-दिन जाम की समस्या लोगों को सहनी पड़ती है। प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी जाने वाले वाहन भी यहीं से होकर गुजरते हैं। पुल बनने से जाम की समस्या दूर हो जाएगी।
प्रस्तावित बाईपास पर नजर
- सई नदी पर नया पुल और 810 मीटर लंबी एप्रोच रोड
- जगतपुर में आठ किमी लंबा बाईपास किमी-99 से शुरू होकर किमी-107 तक बनेगा
- बाबूगंज कस्बे में पांच किमी लंबा बईपास किमी-111 से 116 तक बनना प्रस्तावित
- ऊंचाहार में नया लिंक रोड किमी- 124 से शुरू होकर 133.4 पर समाप्त होगा
- प्रतापगढ़-अल्लापुर पर बनेगा बाईपास
यह प्रोजेक्ट अगले साल जनवरी से शुरू हो जाएगा। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। दो साल में हाईवे फोर लेन होगा…आरबी सिंह, पीडी, एनएच।
