सीतापुर: फंदे से लटकता मिला युवक का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
सीतापुर। जिले के रेउसा थाना क्षेत्र के राजापुर कलां गांव में एक युवक का शव गांव की ही एक महिला के घर के सामने पेड़ से फंदे पर लटकता मिला है। आरोप है कि महिला ने युवक को फोन करके बुलाया था। मृतक के पिता ने महिला सहित तीन लोगों पर हत्या कर शव लटकाने …
सीतापुर। जिले के रेउसा थाना क्षेत्र के राजापुर कलां गांव में एक युवक का शव गांव की ही एक महिला के घर के सामने पेड़ से फंदे पर लटकता मिला है। आरोप है कि महिला ने युवक को फोन करके बुलाया था। मृतक के पिता ने महिला सहित तीन लोगों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। इस बाबत थाने में नामजद तहरीर दे दी गई है। घटना के पीछे 60 हजार रुपए के लेनदेन का मामला बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रेउसा इलाके के राजापुर गांव निवासी रामहर्ष के अटठारह वर्षीय बेटे दीपू का शव सोमवार की सुबह गांव में ही एक महिला के घर के पास फंदे से लटकता मिला। घटना को लेकर मृतक के पिता का कहना है कि उसका बेटा रविवार की रात आठ बजे खाना खाने जा रहा था। इसी बीच गांव के ही एक व्यक्ति की पत्नी का फोन दीपू के मोबाइल पर आया। जिसके बाद दीपू फौरन ही चला गया। रात भर वह घर वापस नहीं आया। सुबह गांव के प्रधान ने रामहर्ष को उसके बेटे की मौत की सूचना दी। तब वह मौके पर पहुंचा।
रामहर्ष का आरोप है कि महिला के पति पर उसका 60 हजार रुपया था। इसी वजह से महिला से फोन करा कर उसके बेटे को बुला लिया गया और महिला की मदद गांव के ही दो अन्य लोगों ने मिलकर उसके बेटे की हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। रामहर्ष ने महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है। एसओ महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
