पीलीभीत: लापता युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
पीलीभीत,अमृत विचार। गांव में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों से शव मिलने की खबर पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, जवान …
पीलीभीत,अमृत विचार। गांव में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों से शव मिलने की खबर पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, जवान बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के सिमरिया अनूप गांव निवासी लालता प्रसाद ने बताया कि उनका बेटा अरुण (17) रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाकर घर से निकल गया था। वह कहां गया, इसकी परिवार को जानकारी नहीं थी। घूमने जाने की बात समझ कर परिवार के लोग सोने चले गए थे। रात भर अरुण वापस नहीं लौटा। इसकी भनक लगने पर परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। उधर, मकान से करीब दो किलोमीटर दूर रंपुरिया गांव में चकरोड किनारे पेड़ पर अरुण का शव लटका मिला।
पैर पेड़ की टहनी पर टिके हुए थे। फंदा अरुण की शर्ट का ही बना था। पड़ोस में ही बेल्ट लटकी हुई थी और पेड़ के नीचे चप्पलें रखी थी। अरुण की नाक से खून निकल रहा था और चप्पलों पर भी खून के निशान थे। मोबाइल भी मौके पर ही मिल गया। स्थानीय ग्रामीण सोमवार सुबह करीब छह बजे खेतों पर जाने के लिए घरों से निकले तो पेड़ पर लटके शव पर नजर पड़ी। उसके बाद गांव में शव मिलने का शोर मच गया।काफी लोग जमा हो गए।
रंपुरिया गांव में ही उनकी बहन रहती है। इसे लेकर लोगों से जान पहचान थी। कुछ लोगों ने फोन कर अरुण का शव मिलने की बात बताई।उसके बाद परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गई। शव देख उन्होंने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर माैत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।वहीं, परिवार ने एक परिवार पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पिता बोले- धमकाते थे लड़की के परिजन
मृतक के पिता ने बताया कि रंपुरिया गांव में उनकी बहन रहती है। इस वजह से अरुण का वहां पर आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच उसका प्रेम एक लड़की से हो गया था। इसकी जानकारी दोनों ही परिवारों को हो चुकी थी। दाेनों एक ही जाति थे। मगर, शादी को लेकर बात नहीं बन सकी थी। पत्नी के साथ वह लड़की के घर पंद्रह दिन पहले गए थे। वहां उसकी दादी से बात हुई थी। इसमें दोनों को समझाने को कहा गया था। चूंकि लड़की के परिवार वालों से लगातार धमकी मिल रही थी।
ऐसे में उसकी दादी से ये भी कहा था कि बेटे को किसी तरह का नुकसान न पहुंचाया जाए। आरोप है कि इस पर दादी तो मान गई थीं, मगर, उन्होंने भी लड़की के पिता समेत अन्य लोगों के गुस्सैल स्वभाव का होना बताया था। अब आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात अरुण वहां गया होगा और इसी रंजिश में लड़की के परिवार ने हत्या कर दी। खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। ये भी सवाल उठाए कि अगर बेटा खुदकुशी करता तो उसके पैर पेड़ की डाल पर टिके हुए नहीं होते।
इकलौते बेटे की मौत से त्योहार की खुशियों पर लगा ग्रहण
सिमरिया अनूप गांव निवासी मनसुखलाल के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण होता है। जयपुर के भट्टों पर पूरा परिवार मजदूरी करने जाता था। दिवाली के बाद भी सभी जयपुर काम पर जाने वाले थे। अरुण इकलौता बेटा था, उसके अलावा एक बेटी है। परिवार में दिवाली की तैयारियां चल रही थी। खुशनुमा माहौल था।
मगर, अचानक करवा चौथ की रात बेटा घर से जाने के बाद लापता हो गया। परिवार को ये आभास ही नहीं था, कि वह अब लौटकर नहीं आएगा। उसके कहीं घूमने निकल जाने की बात सोंच सभी संतुष्ट थे। मगर सोमवार सुबह जैसे ही उसका शव मिलने की खबर पहुंची तो परिवार में चीख पुकार मच गई। पिता लालता प्रसाद उर्फ मनसुख और मां शीला देवी का रोकर बुरा हाल रहा।
‘घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस टीम छानबीन कर रही है।’
– सुनील दत्त, सीओ सिटी
यह भी पढ़े-
