बिजनौर : एसआई व सिपाही से मारपीट, वर्दी फाड़ी
बिजनौर/रेहड़, अमृत विचार। जनता के बीच पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। अक्सर पुलिस वालों के साथ मारपीट व वर्दी फाड़ने के किस्से सामने आते रहते हैं। बुधवार को भी ऐसी ही घटना सामने आई। 112 नंबर पर कॉल करके पहले कॉलर ने पुलिस को उसके साथ मारपीट किए जाने की सूचना देकर बुलाया। …
बिजनौर/रेहड़, अमृत विचार। जनता के बीच पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। अक्सर पुलिस वालों के साथ मारपीट व वर्दी फाड़ने के किस्से सामने आते रहते हैं। बुधवार को भी ऐसी ही घटना सामने आई। 112 नंबर पर कॉल करके पहले कॉलर ने पुलिस को उसके साथ मारपीट किए जाने की सूचना देकर बुलाया। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो आरोपियों ने उप निरीक्षक व कांस्टेबल के साथ मारपीट कर डाली। इतना ही नहीं उनकी वर्दी भी फाड़ डाली। सब इंस्पेक्टर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट पंजीकृत कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें जेल भेज दिया गया है।
डायल 112 पर तैनात उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के अनुसार सोमवार की रात 112 नंबर पर कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाली मनदीप कौर पत्नी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह थाना रेहड़ अंतर्गत ग्राम दहलावाला से बोल रही है। उसने उसके साथ पति द्वारा मारपीट करने की बात कही, जिस पर वह कांस्टेबल जावेद अहमद व चालक बलविंद्र कुमार के साथ मौके पर जा पहुंचे। वहां पहुंचने पर कॉल करने वाली मनदीप ने बताया कि उसका पति मनप्रीत पुत्र लखविंद्र सिंह उसके साथ आए दिन शराब पीकर मारपीट करता रहता है। उसका कहना था कि आज भी उसने उससे मारपीट की है।
उप निरीक्षक के अनुसार इस पर उन्होंने उससे कहा कि आप थाने चल कर इस संबंध में तहरीर दे दें। आरोप है कि तभी अचानक वहां पर मौजूद मनप्रीत व उसके भाई चरनजीत भड़क गए और उन लोगों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। गाली-गलौज करते हुए उनकी वर्दियां भी फाड़ डालीं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह उनके चुंगल से मुक्त होकर उन्होंने घटना की सूचना रेहड़ थाना तथा कंट्रोल रूम को दी, जिस पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। उप निरीक्षक महेंद्र सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
