बरेली: पांच साल की बच्ची, पुलिस कर रही अनदेखा
बरेली, अमृत विचार। पड़ोसी के घर धार्मिक पढ़ाई पढ़ने गई पांच साल की बच्ची तीन दिन पहले अचानक लापता हो गई। बच्ची के परिजनों ने इलाके के ही दो युवकों के साथ मिलकर अपहरण करने का आरोप लगाया है। वहीं परिजनों ने प्रेमनगर पुलिस से शिकायत करने के बावजूद भी अनदेखी किए जाने पर एसएसपी …
बरेली, अमृत विचार। पड़ोसी के घर धार्मिक पढ़ाई पढ़ने गई पांच साल की बच्ची तीन दिन पहले अचानक लापता हो गई। बच्ची के परिजनों ने इलाके के ही दो युवकों के साथ मिलकर अपहरण करने का आरोप लगाया है। वहीं परिजनों ने प्रेमनगर पुलिस से शिकायत करने के बावजूद भी अनदेखी किए जाने पर एसएसपी से शिकायत की। प्रेमनगर पुलिस द्वारा लगातार लापरवाही दिखाए जाने के चलते परिजनों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मदद मांगी है।
प्रेमनगर थानाक्षेत्र स्थित रजा गेट स्थित फर्राशी टोला निवासी राबिया ने बताया कि उनकी पांच साल की नवासी सना को 23 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस के ही एक घर में सिपारा पढ़ने के लिए भेजा था। शाम तक बच्ची का कुछ भी पता न चलने पर परिजनों ने प्रेमनगर थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने मामले को अनसुना कर दिया। उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर भी बच्ची के लापता होने की शिकायत की जहां से उन्हें स्थानीय चौकी के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि सना की मां सवा की शादी करीब 7 साल पहले शाहबाद मोहल्ला निवासी फईम से हुई थी। शादी के दो साल बाद ही विवाद होने के चलते सवा दो माह की बच्ची को लेकर मायके आ गई थी। उन्होंने पति पर सवा की हत्या का आरोप भी लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस घर में बच्ची पढ़ने गयी थी उन्हीं लोगों ने मिलकर अपहरण कराया है। वहीं प्रेमनगर इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बच्ची के अपहरण की बात से इंकार किया है।
पुलिस का कहना है कि असल विवाद बच्ची की नानी और पिता के बीच का है, बच्ची का पिता बच्ची को लेकर गया है लेकिन बच्ची की नानी बच्ची को अपने साथ रखना चाहती है।
